संपत्ति विवाद में युवक की हत्या:पेड़ से लटका मिला शव
एत्मादपुर। आगरा के खंदौली क्षेत्र में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। बास मोहन सहाय निवासी आयुष की हत्या कर उसका शव पेड़ पर लटका दिया गया। आयुष अपनी ननिहाल बहरामपुर में रहता था।
मृतक के परिजनों का कहना है कि संपत्ति बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। हाल ही में समझौता हुआ था और संपत्ति आयुष के नाम हुई थी। मंगलवार को आयुष का फोन बंद मिला। परिजनों ने काफी खोजबीन की और थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
बुधवार सुबह आयुष का शव पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ शव को कब्जे में लिया। इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने पुलिस चौकी पर शव रखकर आगरा-जलेसर मार्ग जाम कर दिया। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खत्म किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।