मथुरा

वृंदावन में यमुना में एक महिला समेत दो लोग डूबे:नाविकों ने बचाया, लोगों ने की सुरक्षाकर्मी तैनात करने की मांग

मथुरा । वृंदावन में यमुना नदी के अलग-अलग घाटों पर बुधवार को महिला समेत दो लोग डूब गए। हालांकि नाविकों की सतर्कता और तत्परता से दोनों की जान बचा ली गई। घटनाओं के बाद घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नगर निगम और प्रशासन की तैयारियों की पोल खुलती नजर आई। नाविकों द्वारा लोगों को बचाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पहली घटना केशीघाट के पास बने पांटून पुल के समीप हुई। बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे एक युवक अचानक यमुना में डूबने लगा। मौके पर मौजूद नाविकों ने तुरंत नदी में उतरकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। युवक ने बताया कि वह बिहार का रहने वाला है। घटना के समय घाट पर कोई सुरक्षा व्यवस्था नजर नहीं आई।
दूसरी घटना बिहार घाट के समीप हुई। यहां घरेलू विवाद से परेशान एक महिला ने यमुना में छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला को नदी में कूदता देख नाविक तुरंत पानी में उतर गए और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दोनों घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने घाटों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि घाटों पर पुलिस की नियमित निगरानी और सुरक्षा इंतजाम न होने के कारण ऐसे हादसे हो रहे हैं।
स्थानीय नाविक बलवीर ने बताया कि यमुना में डूबने की दोनों घटनाओं में नाविकों ने समय रहते लोगों को बचा लिया। उन्होंने कहा कि नदी किनारे श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। प्रशासन को घाटों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती और जरूरी व्यवस्थाएं करनी चाहिए।

Related Articles

Back to top button