आगरा में जूता कारोबारी से 50 लाख की ठगी:साइबर ठग ने 5 करोड़ की डील का झांसा दिया, एडवांस में ले लिए रुपए
आगरा । आगरा के कमलानगर में जूता कारोबारी अमित कुमार से साइबर अपराधियों ने 5 करोड़ रुपए के हर्बल बीज कारोबार का झांसा देकर 50 लाख रुपएकी ठगी कर ली। आरोपियों ने क्रेडिट पर माल भेजने का लालच देकर अग्रिम भुगतान के रूप में यह रकम वसूल की।
अमित कुमार ने बताया- 7 फरवरी को उनके पास एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को ह्यरोज ओलिवाह्ण फर्म का प्रतिनिधि बताते हुए हर्बल बीज के प्रोजेक्ट में काम करने की बात कही। उसने दावा किया कि वह सबसे सस्ता सप्लायर है और नगालैंड की ह्यकुमार इंटरप्राइजेजह्ण के सुमित कुमार से उनकी बात कराई।
बातचीत के दौरान 100 किलोग्राम बीज की डील 5 करोड़ रुपये में तय हुई। लिखित समझौते के बाद अमित कुमार ने अपने और अपनी पत्नी के खातों से दो किश्तों में कुल 50 लाख रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए।
अमित ने बताया- 14 फरवरी को एक अन्य नंबर से कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाली महिला ने खुद को ह्यकुमार इंटरप्राइजेजह्ण की सीनियर मैनेजर बताया और शेष 100 किलोग्राम बीज की सप्लाई के लिए और अधिक रकम जमा कराने को कहा। मना करने पर केवल 14 किलोग्राम बीज भेजने की बात कही गई।
धोखाधड़ी का संदेह होने पर अमित कुमार ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मोबाइल नंबर व बैंक खातों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
डीसीपी वेस्ट और साइबर क्राइम प्रभारी आदित्य कुमार ने बताया कि आॅनलाइन ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से किसी भी अज्ञात लिंक, मैसेज या व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से आने वाले निवेश, केवाईसी अपडेट, पेंशन, या इनाम संबंधी प्रस्तावों पर तुरंत भरोसा न करने की अपील की है।
बैंक या सरकारी संस्थाएं कभी भी फोन, व्हाट्सएप या एपीके फाइल से गोपनीय जानकारी नहीं मांगतीं। अनजान स्रोत से भेजी गई एपीके फाइल डाउनलोड या इंस्टॉल करने से बचें। बैंक खाते, ओटीपी, सीवीवी, पिन, पासवर्ड या जन्मतिथि जैसी संवेदनशील जानकारी किसी के साथ साझा न करें। मोबाइल और इंटरनेट बैंकिंग में मजबूत पासवर्ड रखें तथा दो-स्तरीय सुरक्षा को सक्रिय करें।
आगरा में दो अलग-अलग मामलों में ठगी की घटनाएं सामने आई हैं। पहले मामले में, बजरंग नगर निवासी एक दंपती पर मकान का सौदा करने के नाम पर 58 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगा है। पीड़ित महिला आरती शर्मा ने डीसीपी सिटी से शिकायत की थी कि उन्होंने बजरंग नगर स्थित मकान का सौदा 1.10 करोड़ रुपये में किया था, लेकिन आरोपियों ने पहले से ही मकान पर लोन लिया हुआ था और छत की रजिस्ट्री किसी अन्य व्यक्ति के नाम कर दी थी।
दूसरे मामले में, अमर कुंज निवासी चन्द्र प्रकाश जैन से ‘शून्य’ नामक एप पर निवेश के बहाने 12.58 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित ने बताया कि उन्हें शेयर बाजार में निवेश पर भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया गया था, लेकिन जब उन्होंने रकम निकालने का प्रयास किया, तो बहाने बनाकर टाल दिया गया।



