आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर चलती बस में लगी भीषण आग:टायर फटते ही हुआ धमाका, 32 यात्रियों की बची जान
आगरा । आगरा में लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के बस में आग लग गई। बस लखनऊ से गुरुग्राम जा रही थी। सुबह करीब 4 बजे किलोमीटर 15.600 पर बस के पिछले टायर में आग भड़की, जिसने देखते ही देखते पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। बस में ड्राइवर समेत कुल 32 यात्री सवार थे।
खेरागढ़ के रहने वाले चालक ने तत्परता दिखाते हुए बस रोक ली और उसमें सवार यात्रियों को उतारने के बाद खुद भी उतर गए। कुछ समय में ही बस लपटों में घिर गई। चालक की समझदारी से यात्रियों की जान बच गई, लेकिन उनका सामान बस में ही जल गया। हादसा फतेहाबाद क्षेत्र में हुआ।
सोमवार की सुबह करीब 4 बजे हादसा हुआ। आग की लपटें उठते ही बस के ड्राइवर हरेन्द्र वीर सिंह निवासी नगला इमली, तहसील खेरागढ़ ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को तुरंत पीली पट्टी में खड़ा कर दिया। उनकी और अन्य लोगों की मदद से सभी 32 यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाल लिया गया।
इस दौरान कुछ यात्री अपना सामान निकालने में सफल रहे, लेकिन कई लोगों का सामान बस में ही जलकर खाक हो गया। सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी राधामोहन द्विवेदी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बस में मौजूद तीन फायर एक्सटिंग्विशर से आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, तेज हवा के कारण आग तेजी से फैल गई और उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
इसी बीच, चौकी इंचार्ज नदौता अनुज कुमार नागर पुलिस बल और फायर ब्रिगेड के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
इस घटना में किसी भी यात्री को कोई जनहानि नहीं हुई। सभी यात्रियों को दूसरी बसों के माध्यम से आगे के लिए रवाना कर दिया गया।
आग बुझाने के दौरान कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में ओवरटेकिंग लेन से सुचारू रूप से चालू कर दिया गया। बाद में बस की आग को पूरी तरह से बुझने के बाद उसे सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया गया।




