आगरा

पत्नी को जहर खिलाने वाला दरोगा लाइन हाजिर:आगरा में फॉर्च्यूनर के लिए पति ने जहर दिया था, दहेज में फ्लैट मांगता

आगरा । आगरा में पत्नी को जहर देने वाले दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया है। सूचना मिलते ही महिला के परिजन फरीदाबाद से आगरा पहुंचे। उन्होंने दरोगा के खिलाफ थाना न्यू आगरा में शिकायत दी थी।
पिता ने दरोगा लोकेश भाटी पर फॉर्च्यूनर कार की मांग पूरी न होने पर बेटी मीनाक्षी के साथ मारपीट कर जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया था। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया- शिकायत और पीड़िता के बयान के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मामले की जांच थाना न्यू आगरा में की जा रही है। इसको देखते हुए आरोपी दरोगा को लाइन हाजिर किया गया है।
मीनाक्षी फरीदाबाद के वल्लभगढ़ क्षेत्र के चांदपुर गांव की रहने वाली है। उसकी मां ने बताया कि 21 अप्रैल, 2021 को बदायूं के रामपुर के रहने वाले लोकेश भाटी से बेटी की शादी की थी। लोकेश थाना न्यू आगरा में तैनात हैं। दोनों लॉयर्स कालोनी में किराए के मकान में रहते हैं। दोनों का 6 महीने का बच्चा भी है।
लोकेश को दहेज में स्कार्पियो कार दी थी, लेकिन वह फॉर्च्यूनर मांगता रहता था। डिमांड न पूरी न होने पर बेटी को तलाक देने की धमकी देता था। लोकेश के अन्य लड़कियों के साथ अफेयर हैं। इसका विरोध करने पर वह बेटी को मारता पीटता है। जब जहर दे दिया तो हमने थाने में इसकी शिकायत की। लेकिन वर्दी का रौब दिखाकर पुलिस हमें ही धमका रही।
दरोगा की पत्नी मीनाक्षी ने बताया- पति लोकेश रविवार को करीब 3 बजे घर पर खाना खाने के लिए आए थे। खाना खाने के बाद उन्होंने घर पर बात की। कुछ देर बाद फोन काट दिया। इसके बाद मेरे पास आए और बोले मैंने जो कहा था, तुमने जवाब नहीं दिया। मैंने कहा कि क्या जवाब नहीं दिया, तो बोले कि मैंने तुमसे एक फ्लैट और फॉर्च्यूनर गाड़ी के लिए बोला था।
मैंने कहा- मेरे पिता ने शादी में एक करोड़ रुपए खर्च किए हैं। अभी शादी को दो साल हुए हैं। हमारे पास इतने पैसे नहीं कि हम तुम्हें फ्लैट और गाड़ी दे सकें। इसके बाद उन्होंने मारपीट शुरू कर दी, और मुझे जहर दे दिया। मेरी तबीयत खराब होती देख लोकेश घर से भाग गए। इसके बाद पड़ोसियों ने मुझे हॉस्पिटल पहुंचाया।
घर वालों ने पुलिस कमिश्नर और लोकेश के थाने में फोन किया। लेकिन पुलिस ने मुझे हॉस्पिटल ले जाने की जगह डराया और धमकाया। थाना प्रभारी योगेश ने मुझसे कहा- क्यों इसके पीछे पड़ी हैं, क्या इसकी नौकरी खाएगी। वैसे भी ये पुलिस में है, इसका तुम कुछ कर नहीं पाओगी।
लोकेश का भाई भी यहीं पास में रहता है। वह पति के जाने के बाद घर आकर मुझसे छेड़छाड़ करता है। जब मैंने उसकी शिकायत लोकेश से की तो उन्होंने मुझे ही मारा। वहीं, दरोगा लोकेश ने बताया- ड्यूटी से देरी से आने पर पत्नी से मामूली कहासुनी हुई थी। इसके बाद उसने कोई पदार्थ खा लिया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। दहेज उत्पीड़न के आरोप गलत हैं।

Related Articles

Back to top button