आगरा

कुबेरपुर-यमुना ब्रिज के बीच तीसरी रेल लाइन बिछेगी:आगरा में रेल ढांचे को मजबूती मिलेगी

आगरा। रेल मंडल के रेल ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए रेलवे प्रशासन ने कुबेरपुर रेलवे स्टेशन से यमुना ब्रिज स्टेशन के बीच तीसरी रेल लाइन (थर्ड लाइन) बिछाने की योजना को स्वीकृति दे दी है। इस परियोजना पर करीब 159.76 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
9.77 किमी की तीसरी लाइन बनाई जानी है, जिससे पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों जैसे लखनऊ, कानपुर और पटना समेत अन्य क्षेत्रों से कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। वर्तमान में इस सेक्शन पर ट्रेनों का दबाव अधिक है, जिससे संचालन प्रभावित होता है। नई लाइन से ट्रैफिक का दबाव कम होगा और ट्रेनों के समय में सुधार आएगा।
इस योजना से माल गाड़ियों के संचालन को भी गति मिलेगी। पश्चिमी क्षेत्र से आने वाले सीमेंट, बालू और बैलास्ट जैसे निर्माण सामग्री को पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों तक पहुंचाने में सुविधा होगी। इससे औद्योगिक और निर्माण गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
रेलवे के एक अधिकारी का कहना है कि तीसरी लाइन तैयार होने के बाद इस रूट पर अतिरिक्त पैसेंजर ट्रेनों के संचालन की भी संभावनाएं बढ़ेंगी। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और क्षेत्रीय विकास को नई रफ्तार मिलेगी। जल्द ही इस योजना पर काम शुरू होगा।

Related Articles

Back to top button