आगरा

शराब पीकर हुड़दंग करने पर हवालात में मनेगी होली:सड़क पर डीजे बजाने पर रोक, नशे में वाहन चलाने पर होगी सीज की कार्रवाई

आगरा। आगरा में होली को लेकर पुलिस सक्रिय हो गई है। सड़क हादसों और झगड़े ना हो इसके लिए शहर को सेक्टर में बांटा जाएगा। सड़क रोक कर और म्यूजिक सिस्टम लगाकर नाचगाना पर रोक लगेगी। इसके लिए एलआईयू को सक्रिय किया गया है,जो शहर में नजर बनाए रखेंगे।
थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि उन स्थानों को चिह्नित करें जहां पूर्व में झगड़े हुए हैं। लोगों को पाबंद किया जाए। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाए, जिससे कोई भी हुड़दंग ना मचा सके। किसी भी वाहन के गुजरने वाले पर अभद्रता नहीं होनी चाहिए।
पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने बताया कि होली पर खून खराबा न हो। सड़क हादसों में किसी की जान नहीं जाए। रफ्तार पर अंकुश लगाने के लिए जगह-जगह पुलिस चेकिंग वैरियर लगाएगी, ताकि नशे में वाहन दौड़ाने वालों को रोका जा सके। दोपहिया वाहन पर तीन और चार युवक नहीं होने चाहिए, ऐसी स्थिति में कार्रवाई होगी।
सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि होली पर अधिकतर फोर्स को दोपहिया मोटरसाइकिलों से गश्त करवाई जाए। उन्होंने कहा कि हुड़दंगियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। विवादित स्थलों पर होलिका नहीं रखी जाएगी, नए आयोजनों की अनुमति नहीं होगी। डीजे की डेसिबल सीमा व शराब पीकर वाहन चलाता पाए जाने पर वाहन सीज किए जाएं।
दोपहिया वाहन पर दो लोगों से ज्यादा नहीं चलें। हेलमेट का प्रयोग करें। सड़क से वाहनों द्वारा गुजर रहे लोगों से अभद्रता नहीं करें। छतों से उन पर गुब्बारे नहीं मारें। इस वजह से भी हादसा हो जाता है। होली प्रेम का त्योहार है। जबरन किसी को रंग नहीं लगाएं। होली अपने परिवार और दोस्तों के साथ ही खेलें।
अत्याधिक शराब पीकर वाहन नहीं चलाएं। ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों से न उलझें। उन पर भी जबरन रंग नहीं डालें। होली मिलें तो सिर्फ गुलाल का टीका लगाएं। हर्बल रंगों से होली खेलें।

Related Articles

Back to top button