सीएम आवास के पास आगरा की युवती का हंगामा, चीखकर बोली- 5 दरोगा ने बदतमीजी की

आगरा । आगरा की एक युवती अपनी शिकायत लेकर लखनऊ पहुंची। वह सीएम आवास की तरफ जा रही थी, तभी वहां तैनात पुलिस जवानों को उसकी हरकत संदिग्ध नजर आई। जवानों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद महिला ने हंगामा कर दिया और रोने-चिल्लाने लगी।
कहने लगी कि मुझे मत ले जाओ, मुझे न्याय चाहिए। मेरा नाम सरजू यादव है। दरोगा रोहित और चार एसआई ने मेरे साथ मारपीट और बदतमीजी की है। इसके बाद युवती को महिला कांस्टेबलों ने गाड़ी में बैठा लिया और उसे गौतमपल्ली थाने ले जाया गया। आगरा पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद आगरा से टीम आई और देर रात उसे आगरा लेकर गई।
पूरा मामला शुक्रवार का है, लेकिन इसका वीडियो आज सामने आया है। यह वही सरजू यादव हैं, जिनका पिछले साल अगस्त में ट्रांस यमुना थाने में तैनात लेडी दरोगा के साथ मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था। उन्होंने पुलिस पर थाने में मारपीट करने का आरोप लगाया था। उस समय पुलिस ने महिला के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की थी। सरजू यादव आगरा के कालिंदी विहार में रहती हैं।
वीडियो में सरजू यादव रोती दिख रही हैं, लेकिन महिला कॉन्स्टेबल उन्हें जबरन पुलिस की गाड़ी में बैठाती रहीं। इस दौरान युवती कह रही है कि मेरा नाम सरजू यादव है। मेरे साथ जबरदस्ती क्यों कर रहे हो? मैं न्याय लेने के लिए यहां आई हूं। मुझे न्याय चाहिए।
मेरी समस्या है कि चार एसआई और दरोगा रोहित ने मिलकर आगरा के ट्रांस यमुना थाने में बदतमीजी की है। मेरा बुटीक है। मुझे छोड़ दो, मुझे जाने दो। इस तरह आप मेरे साथ जबरदस्ती नहीं कर सकतीं।



