आगरा

आगरा में रह रहे 38 बांग्लादेशी नागरिक होंगे डिपोर्ट

आगरा । आगरा में अवैध रूप से रह रहे 38 बांग्लादेशी नागरिकों को उनके देश वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस 10 जनवरी को सभी को अपनी कस्टडी में लेकर कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच पश्चिम बंगाल के लिए रवाना होगी। वहां सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) से समन्वय कर इन्हें बीएसएफ के हवाले किया जाएगा। बीएसएफ 13 जनवरी को सभी को सीमा पार कराकर बांग्लादेश भेजेगी।
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि फरवरी 2022 में सिकंदरा थाना क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-13 में एक अवैध बस्ती का खुलासा हुआ था। जांच में सामने आया कि बड़ी संख्या में बांग्लादेशी नागरिक चोरी-छिपे सीमा पार कर आगरा में रह रहे थे और कबाड़ का काम कर रहे थे।
अवैध रूप से रह रहे इन बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया था। वे विदेशी अधिनियम के तहत तीन साल की सजा पूरी कर चुके हैं। इसके अलावा आठ नाबालिग—पांच किशोर और तीन किशोरियां—आश्रय गृह में रह रहे हैं। सभी को एक साथ डिपोर्ट करने की तैयारी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button