दिल्ली से 285 हज यात्रियों का पहला जत्था रवाना
जम्मू-कश्मीर से 642 लोग रवाना होंगे; इस साल पौने दो लाख लोगों ने कराया है रजिस्ट्रेशन
नई दिल्ली। दिल्ली और श्रीनगर से हज यात्रियों का पहला जत्था गुरुवार (9 मई) को सऊदी अरब के मदीना के लिए रवाना हुआ। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट से इस साल की पहली फ्लाइट गुरुवार सुबह 2:20 बजे 285 हज यात्रियों को लेकर रवाना हुई। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 642 हज यात्री दो फ्लाइट्स से रवाना होंगे। इस साल कुल 1 लाख 75 हजार 25 भारतीय हज कोटा के तहत सऊदी अरब जाएंगे। दिल्ली राज्य हज समिति की अध्यक्ष कौसर जहां ने बताया कि दिल्ली से इस साल 16,500 यात्री हज यात्रा करेंगे। विदेश मंत्रालय में सचिव (काउंसलर, पासपोर्ट, वीजा और ओवरसीज इंडियन अफेयर्स) मुक्तेश के परदेशी ने मंगलवार को जेद्दा और मदीना में हज की तैयारियों की समीक्षा की थी। परदेशी ने सऊदी अरब के वाउस हज मिनिस्टर अब्दुल फत्ताह मशात के साथ यात्रियों के लिए की गई पर चर्चा की।
जम्मू-कश्मीर से 37 महिलाएं बिना मरहम के करेंगी हज यात्रा
जम्मू-कश्मीर हज समिति के कार्यकारी अधिकारी डॉ शुजहत कुरैशी ने बताया है कि कश्मीर से इस साल कुल 7008 यात्री हज यात्रा पर जाएंगे। श्रीनगर एयरपोर्ट से 6852 यात्री उड़ान भरेंगे। इनमें लद्दाख के लोग भी शामिल होंगे।
वहीं जम्मू कश्मीर के करीब 541 हज यात्री दिल्ली से उड़ान भरेगें। कुरैशी ने यह भी बताया कि राज्य की 37 महिला यात्री बिना किसी पुरुष सहयोगी यानी मरहम के हज यात्रा करेंगी, जिनमें से अधिकांश श्रीनगर से रवाना होंगी।
एक यात्री ने एएनआई से बात करते हुए यात्रा के लिए आवश्यक सहायता के लिए केन्द्र सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा मैं कश्मीर में स्थायी शांति और खुशी के लिए प्रार्थना करूंगा।
राजस्थान में हज यात्रा से पहले टीकाकरण जारी
राजस्थान के पाली जिले में भी हज यात्रा की तैयारियां जोरों पर हैं। इन दिनों यात्रा के लिए चयनित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण और टीकाकरण किया जा रहा है। राज्य की हज समिति के अध्यक्ष मोहम्मद अय्यूब खान ने बताया कि इस साल हज यात्रियों के लिए टीकाकरण की उचित व्यवस्था की गई है। हज के लिए रवाना होने से पहले यात्रियों को पोलियो, इन्फ्लूएंजा और मेनिनजाइटिस के टीके लगाए जा रहे हैं।
झारखंड से इस साल कुल 1747 हज यात्री जाएंगे। इनमें 749 महिलाएं और 998 पुरुष शामिल हैं। राज्य में जमशेदपुर से 300 और रांची से सबसे ज्यादा 307 हज यात्री जाएंगे। हज यात्रा के लिए फ्लाइट 9 मई से शुरू होकर 25 मई तक चलेगी। जमशेदपुर के 152 यात्री मुम्बई से,146 कोलकाता से और दो हैदराबाद से जाएंगे।