आगरा

युवक को प्रेमिका ने पेट्रोल से जिंदा जलाया:2 साल से चल रहा था अफेयर

आगरा। आगरा में युवक को उसकी शादीशुदा प्रेमिका ने पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। लपटों में घिरा युवक चीखते-चिल्लाते हुए इधर-उधर भागने लगा। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उस पर चादर ओढ़ाकर आग बुझाई। युवक का शरीर करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गया है।
दोनों के बीच 2 साल से अफेयर चल रहा था। प्रेमिका उससे शादी करना चाहती थी, लेकिन युवक तैयार नहीं था। इस बात से लड़की नाराज थी। गुरुवार देर रात युवक आॅटो से लौट रहा था। बीच रास्ते में प्रेमिका ने उसे रोका और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पुलिस ने पीड़ित का बयान लिया है। मामला शाहगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार रात 10 बजे का है।
युवक का नाम चांद (25) और वह स्वरूप कॉलोनी का रहने वाला है। आॅटो चलाकर अपने परिवार का खर्च चलाता है। गुरुवार रात चांद सवारी उतारकर घर आ रहा था। इसी बीच रास्ते में आजमपाड़ा रोड पर प्रेमिका शबनम, उसकी मां, भाई और एक अन्य व्यक्ति ने उसे रोक लिया।
चांद और शबनम के परिजनों के बीच कुछ देर कहासुनी हुई। आरोप है कि चारों ने उसे आॅटो से जबरन बाहर खींच लिया और उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। वारदात के बाद सभी फरार हो गए। वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस गंभीर हालत में चांद को पहले एसएन मेडिकल कॉलेज ले गई। जहां से हालत बिगड़ने पर उसे निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया- चांद आॅटो लेकर आजमपाड़ा की ओर जा रहा था। इसी बीच 2 लोगों ने सवारी बनकर हाथ देकर आॅटो रुकवाया। चांद ने सवारी समझकर आॅटो रोक लिया। इसके बाद कुछ और लोग आ गए और चांद को आॅटो से बाहर निकालकर पकड़ लिया। इसके बाद उन लोगों ने उस पर बाल्टी भर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
पीड़ित के भाई शबीर ने बताया- चांद के साथ शबनम का दो साल से अफेयर चल रहा था। शबनम ने अपने भाई, देवर और अन्य साथियों के साथ मिलकर उसे पकड़ लिया और मेरे भाई को बुरी तरह से पीटा। शबनम, देवर अली और उसकी मां ने चांद पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे मेरा भाई पूरी तरह झुलस गया है।
शबनम मथुरा की रहने वाली है। उसकी शादी आजमपाड़ा में हुई थी। आरोप है कि उसने अपने पति को फांसी लगाकर मार दिया था। इसके बाद वह अपने देवर के साथ रहने लगी थी। उसने बिना तलाक लिए दूसरी शादी भी कर ली। इस समय उसका चांद के साथ अफेयर था।
शबीर ने बताया, मेरा भाई भी शादीशुदा है। हम तीन भाई और छह बहन हैं। घर में हम 2 ही कमाने वाले हैं। भाई के अफेयर के बारे में हमें पहले कोई जानकारी नहीं थी। घटना के बाद ही प्रेम प्रसंग का पता चला। शबनम और उसके साथी घर से फरार हैं, जबकि पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।

Related Articles

Back to top button