गोवर्धन बस स्टैंड पर अवैध टेंपो स्टैंड का कब्जा:जाम में फंसी एंबुलेंस, रोडवेज कर्मी भी डग्गेमारी में शामिल

गोवर्धन, मथुरा । मथुरा के गोवर्धन कस्बे में अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही के कारण जाम की समस्या गंभीर हो गई है। हाल ही में, अवैध टेंपो स्टैंड और रोडवेज कर्मियों की डग्गेमारी के चलते एक एंबुलेंस लगभग 10 मिनट तक जाम में फंसी रही।
यह समस्या गोवर्धन बस स्टैंड के मुख्य द्वार पर सबसे अधिक है। यहां अवैध रूप से टेंपो चालकों ने स्थायी स्टैंड बना लिया है, जहां टेंपो की लंबी कतारें लगाकर खुलेआम सवारियां भरी जाती हैं। विरोध करने पर चालक अक्सर झगड़े पर उतारू हो जाते हैं।
हैरानी की बात यह है कि बस स्टैंड परिसर में ही क्षेत्राधिकारी कार्यालय और पास में यातायात पुलिस बूथ होने के बावजूद इस अव्यवस्था पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
स्थिति तब और चिंताजनक हो गई जब अवैध टेंपो चालकों की तर्ज पर रोडवेज कर्मी भी डग्गेमारी करते नजर आए। बुधवार को एकता तिराहे पर बस स्टैंड से निकलकर एक रोडवेज बस चालक ने बीच सड़क पर वाहन खड़ा कर सवारियां भरनी शुरू कर दीं।
करीब 10 मिनट तक समझाने और मीडिया कर्मियों द्वारा वीडियो बनाने के बावजूद चालक ने बस नहीं हटाई, जिससे लंबा जाम लग गया। इसी जाम में एक एंबुलेंस भी लगभग 10 मिनट तक फंसी रही, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
इस संबंध में एआरएम मथुरा मदन मोहन शर्मा ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है और संबंधित रोडवेज कर्मी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




