खरगे ने प्रधानमंत्री के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की, फिर सफाई में कहा- वो डराते हैं

चेन्नई । कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे इस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपनी एक कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर विवादों के केंद्र में हैं। दरअसल एक रैली में उन्होंने पहले पीएम मोदी की तुलना आतंकवादी से कर दी। हालांकि बाद में सफाई देते हुए पना बचाव किया है। इस पूरे घटनाक्रम ने चुनावी माहौल में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग को और भी तीखा कर दिया है।
चेन्नई में कार्यकतार्ओं को संबोधित करते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने अन्नाद्रमुक (अकअऊटङ) के भाजपा के साथ गठबंधन करने पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कड़े लहजे में कहा कि अन्नाद्रमुक के लोग मोदी के साथ कैसे जुड़ सकते हैं, जबकि वे समानता और न्याय में विश्वास नहीं रखते। खरगे ने आगे कहा कि ऐसे लोगों के साथ हाथ मिलाना लोकतंत्र को कमजोर करने जैसा है। इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के संदर्भ में आतंकवादी शब्द का प्रयोग किया।
बढ़ते विवाद को देखते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने तुरंत अपने बयान पर स्पष्टीकरण जारी किया। उन्होंने कहा कि मैंने यह कभी नहीं कहा कि प्रधानमंत्री एक आतंकवादी हैं। मेरे कहने का मतलब यह था कि वह लोगों और राजनीतिक दलों को डराने-धमकाने का काम करते हैं। खरगे ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा धमकियां देते हैं और उनके आचरण से राजनीतिक गलियारों में डर पैदा होता है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी टिप्पणी का उद्देश्य प्रधानमंत्री की कार्यशैली पर सवाल उठाना था, न कि उन पर कोई व्यक्तिगत हमला करना।
अपनी सफाई के दौरान खरगे ने सीधे तौर पर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री पर सरकारी संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ईडी, आयकर विभाग और सीबीआई जैसी महत्वपूर्ण संस्थाएं पूरी तरह से प्रधानमंत्री के हाथों में हैं और इनका इस्तेमाल विरोधियों को डराने के लिए किया जा रहा है। खरगे ने यह भी चिंता जताई कि प्रधानमंत्री परिसीमन जैसी प्रक्रियाओं को भी अपने नियंत्रण में लेना चाहते हैं।
भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर कड़ा पलटवार करते हुए इसे कांग्रेस की एक सोची-समझी साजिश करार दिया है। पात्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को आतंकवादी कहना कोई जुबान फिसलना नहीं, बल्कि राहुल गांधी के इशारे पर की गई टिप्पणी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी हर दिन प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं और अब खरगे ने भी उसी रास्ते पर चलते हुए देश के प्रधानमंत्री का अपमान किया है, जो बेहद निंदनीय है।
संबित पात्रा ने कांग्रेस पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह वही पार्टी है जो ओसामा बिन लादेन को जी कहकर संबोधित करती है और जाकिर नाइक जैसे लोगों को शांति का दूत बताती है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब भी कांग्रेस ने प्रधानमंत्री को गाली दी है, भारत की जनता ने सजा दी है। पात्रा ने साथ ही यह भी कहा कि इस बार भी देश की जनता कांग्रेस के इन अपमानजनक बयानों का करारा जवाब देगी और उन्हें उनकी असली जगह दिखाएगी।




