अंतरराष्ट्रीय

पाकिस्तान में सरकारी स्कूल पर हमला, उग्रवादियों ने अपना झंडा फहराया; सेना के साथ मुठभेड़ में नौ ढेर

इस्लामाबाद । पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक सरकारी स्कूल पर उग्रवादियों ने हमला कर दिया। इस हमले के बाद सुरक्षा बलों की कार्रवाई में कम से कम नौ उग्रवादी मारे गए। पाकिस्तान पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि सोमवार को उग्रवादियों ने खैबर जिले के बारा तहसील के आका खेल इलाके में स्थित गवर्नमेंट हाई स्कूल ख्वाजा मीर कलाय पर हमला कर दिया। हमलावरों का मकसद स्कूल भवन पर कब्जा करना था। हमले के दौरान उग्रवादियों ने स्कूल से पाकिस्तान का राष्ट्रीय ध्वज उतारकर अपनी झंडा फहरा दिया।
इसकी सूचना मिलते ही पाकिस्तानी सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और उग्रवादियों के साथ भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई। गोलीबारी के बाद सुरक्षा बलों ने नौ उग्रवादियों को मार गिराया और स्कूल पर दोबारा कब्जा हासिल कर लिया। इसके बाद स्कूल पर फिर से पाकिस्तान का राष्ट्रीय ध्वज फहरा दिया गया। अभी तक किसी उग्रवादी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
उग्रवादियों ने हमले के दौरान स्कूल पर कब्जे और झंडा फहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर भी जारी किया था, जिसका उद्देश्य प्रचार करना बताया जा रहा है। हमले के बाद सुरक्षा बलों ने आसपास के इलाकों में बड़े पैमाने पर सर्च आॅपरेशन शुरू किया, ताकि किसी भी फरार उग्रवादी और उनके सहयोगियों को पकड़ा जा सके। फिलहाल स्कूल परिसर को पूरी तरह सुरक्षित घोषित कर दिया गया है और हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button