खेल

एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में प्रीति-दीपक की जीत से शुरूआत, निकहत-लवलीना को मिला बाई

नई दिल्ली मंगोलिया में आयोजित एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप 2026 में भारत की प्रीति पवार और दीपक ने शानदार शुरूआत की है। सोमवार को इन मुक्केबाजों ने अपने मजबूत प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ कड़े मुकाबले जीते। महिलाओं की 54 किलोग्राम श्रेणी में, विश्व मुक्केबाजी कप फाइनल्स की स्वर्ण पदक विजेता प्रीति पवार ने दमदार प्रदर्शन करते हुए कजाकिस्तान की एलिना बाजारोवा को सर्वसम्मति से 5-0 से हराया।
पुरुषों के 70 किलोग्राम श्रेणी में दीपक ने आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन करते हुए उज्बेकिस्तान के खावासबेक असदुल्लाएव को 3-2 के खंडित फैसले से कड़े मुकाबले में हराया। एमेच्योर मुक्केबाजी में अपनी ताकत के लिए पहचाने जाने वाले देश के प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ खेलते हुए दीपक ने इस कड़े मुकाबले में बेहतरीन रणनीतिक अनुशासन और जुझारूपन का प्रदर्शन किया। भारतीय टीम ने टूनार्मेंट के शुरूआती चरण में खेले गए दो मैचों में से दोनों में जीत हासिल करते हुए अपने अभियान की शानदार शुरूआत की है।
इससे पहले रविवार को ड्रॉ के माध्यम से विभिन्न श्रेणियों में होने वाले प्रमुख शुरूआती मुकाबलों और बाई पाने वाले खिलाड़ियों की पुष्टि की गई थी। जहां प्रीति का मुकाबला 54 किलोग्राम श्रेणी में बाजारोवा से तय हुआ, वहीं प्रिया का मुकाबला 60 किलोग्राम श्रेणी में रिम्मा वोलोसेंको से निर्धारित किया गया। इसके अलावा मीनाक्षी का मुकाबला जापान की यूका सादामात्सु से होगा, जबकि पूजा रानी कजाकिस्तान की नादेजदा यार्बेट्स का सामना करेंगी।
कई मुक्केबाजों को मिला बाई
इस बीच, निकहत जरीन, जैस्मीन लंबोरिया, अंकुशिता बोरो, अरुंधति चौधरी, लवलीना बोरगोहेन और अल्फिया पठान को बाई मिलने के कारण सीधे अगले दौर में प्रवेश मिल गया है। पुरुषों की तरफ से विश्वनाथ सुरेश का मुकाबला बेकजात एगेर्शोव (किर्गिस्तान) से होगा। जादुमणि सिंह 55 किलोग्राम भार वर्ग के एक कड़े मुकाबले में रुई यामागुची का सामना करेंगे। सचिन का मुकाबला बुयांदलाई बायारखू से होगा, जबकि आदित्य प्रताप सिंह का सामना मौदा अलहवसाव से होगा। अंकुश और नरेंद्र को ‘बाई’ मिलने से वे अगले दौर में पहुंच गए हैं, जबकि आकाश, लोकेश और हर्ष चौधरी भी अपनी-अपनी श्रेणियों में अहम मुकाबलों के लिए तैयार हैं।

Related Articles

Back to top button