ज्वेरेव को हराकर सिनर ने मियामी ओपन के फाइनल में बनाई जगह; जोकोविच मोंटेकार्लो मास्टर्स से हटे

मियामी । विश्व नंबर दो यानिक सिनर ने मियामी ओपन के फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने शुक्रवार शाम अलेक्जेंडर ज्वेरेव को 6-3, 7-6(4) से हराकर फाइनल में जगह बनाई। इस जीत के साथ, सिनर ने एटीपी मास्टर्स 1000 टूनार्मेंट्स में लगातार 32 सेट जीतने का रिकॉर्ड भी बना लिया। इसी के साथ वह लगातार दूसरे खिताब की ओर बढ़ गए हैं। सिनर ने कुछ दिन पहले इंडियन वेल्स का अपना पहला खिताब जीता था। वहीं, नोवाक जोकोविच ने दाहिने कंधे की चोट के कारण मियामी ओपन में भाग न लेने के बाद मोंटेकार्लो मास्टर्स टेनिस टूनार्मेंट से भी नाम वापस ले लिया है।
रविवार को होने वाले फाइनल में, इटली के दुनिया के नंबर दो खिलाड़ी का मुकाबला चेक गणराज्य के जिरी लेहेका से होगा। लेहेका ने शुक्रवार को आर्थर फिल्स को 6-2, 6-2 से हराकर अपने करियर के पहले मास्टर्स 1000 फाइनल में जगह बनाई है। लेकिन मियामी ओपन के सेमीफाइनल में सभी की नजरें सिनर पर थीं। वह दुनिया के नंबर 1 खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज के टूनार्मेंट से जल्दी बाहर होने का फायदा उठाकर मियामी ओपन का खिताब जीतना चाहते थे, ताकि रैंकिंग चार्ट में शीर्ष स्थान पर मौजूद खिलाड़ी के साथ अंकों का अंतर कम किया जा सके।
यह दूसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी अब ‘सनशाइन डबल’ पूरा करने से बस एक जीत दूर है। 2017 में रोजर फेडरर के बाद वह ऐसा करने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी बन सकते हैं, जिसके तहत इंडियन वेल्स और मियामी, दोनों जगहों पर खिताब जीता जाता है। सिनर ने अब ज्वेरेव के खिलाफ अपने पिछले सात मुकाबले जीते हैं, जिनमें इस साल के दो मुकाबले भी शामिल हैं। 24 वर्षीय सिनर ने इसी महीने की शुरूआत में बीएनपी पारिबा ओपन के सेमीफाइनल में भी इस जर्मन खिलाड़ी को हराया था। एटीपी के हेड-टू-हेड मुकाबलों में अब सिनर 8-4 से आगे हैं।
सिनर रविवार के फाइनल में लेहेका के साथ अपनी प्रतिद्वंद्विता में 3-0 की बढ़त के साथ उतरेंगे, उन्होंने पिछले साल रोलैंड गैरोस में लेहेका के खिलाफ अपना पिछला मुकाबला सीधे सेटों में जीता था। चूंकि, इस साल उन्हें एटीपी रैंकिंग के किसी भी प्वाइंट का बचाव नहीं करना है, इसलिए यह खिताब जीतकर सिनर वर्ल्ड नंबर 1 अल्काराज से सिर्फ 1,540 प्वाइंट्स पीछे रह जाएंगे।
वहीं, क्लेकोर्ट टूनार्मेंट के आयोजकों ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर जोकोविच के मोंटेकार्लो मास्टर्स टूनार्मेंट से हटने की घोषणा करते हुए लिखा, ‘हम उन्हें शुभकामनाएं देते हैं और उम्मीद करते हैं कि वह जल्द ही कोर्ट पर वापसी करेंगे।’ इस पोस्ट में 38 वर्षीय जोकोविच के टूनार्मेंट से हटने का कारण स्पष्ट नहीं किया गया है, लेकिन 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन ने दो सप्ताह पहले बीएनपी पारिबास ओपन के चौथे दौर में जैक ड्रेपर से तीन सेटों में हारने के बाद से कोई मैच नहीं खेला है। एक साल पहले मोंटेकार्लो में जोकोविच दूसरे दौर में एलेजांद्रो तबिलो से हार गए थे। दुनिया के तीसरे नंबर के खिलाड़ी जोकोविच ने भी टूनार्मेंट से नाम वापस लेने के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की है।




