मथुरा

‘ईरान-इजराइल की जंग खत्म होनी चाहिए’:मथुरा में सांसद पप्पू यादव बोले- जो 56 इंच सीना की बात करते थे

मथुरा। बिहार के पूर्णिया से सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव गुरुवार को मथुरा पहुंचे। उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज और द्वारिकाधीश मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद मीडिया से ईरान और इजराइल में चल रहे युद्ध समेत कई अन्य मुद्दों और बात की। इस दौरान उन्होंने नाम न लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा।
कहा कि ईरान और इजराइल में युद्ध होते हुए 24 दिन से अधिक हो गए। ये जंग अब अविलंब रुकना चाहिए। जो खुद को विश्व गुरु कहते थे और 56 इंच सीना की बात करते थे वो अब कहां चले गए। 12 साल में आपने कभी किसानों को सड़क पर खड़ा कर दिया। कभी नोट बंदी में 400 लोगों को मार दिया। देश की अर्थ व्यवस्था को खराब कर दिया है।
पप्पू यादव ने कहा- आज डॉलर कहां जा रहा और रुपया कहां गिर गया। इसका जवाब सरकार नहीं दे रही। शेयर मार्केट की हालत खराब हो गई है। बच्चों को नौकरी नहीं मिल पा रही है। सरकार ने बेरोजगारी की लाइन लगवा दी है। सरकार अब माता बहनों को गैस के लिए लाइन लगवा रही है। उन्हें समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा है। जिससे किचन का काम प्रभावित हो रहा है।
पप्पू यादव ने कहा- मैं राम नवमी के मौके पर भगवान कृष्ण की नगरी में द्वारिकाधीश के दर्शन करने आया हूं। मैंने आज संकट में फंसे लोगों को खुशियां मिले। इसकी कामना की। संत प्रेमानंद महाराज मथुरा के बड़े संत हैं। मैंने आज उनके भी दर्शन किए हैं। उनके दर्शन कर मुझे बहुत ही अधिक खुशी मिली है।
मानवता की रक्षा के लिए कंस का संहार हुआ था। मैंने आज द्वारिकाधीश से कहा है कि जिसने पूरी दुनिया को संकट में डाला है। उस कंस का संहार हो। भगवान संकट में फंसे लोगों की रक्षा करे। गरीबी दूर हो। सभी का कल्याण हो।
पप्पू यादव सुबह में 6 बजे मथुरा पहुंचे थे। यहां से वे करीब 7 बजे संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने उनके आश्रम पहुंचे। उन्होंने संत प्रेमानंद से मुलाकात की। उसके बाद द्वारिकाधीश मंदिर गए। वहां हाथ जोड़कर भगवान के दर्शन किए।
इस दौरान मंदिर के प्रवक्ता राकेश तिवारी ने उनको भगवान का प्रसाद और पटका भेंट किया। इसके बाद वह पुण्य तीर्थ विश्राम घाट पहुंचे। यहां उन्होंने वैदिक मंत्रों के बीच यमुना का पूजन अर्चन किया। इस दौरान यमुना जी का दूध से अभिषेक भी किया। यमुना पूजन के दौरान उनके साथ पुनीत चतुवेर्दी और राजन पाठक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button