आश्रम में नहीं मिला सिलेंडर तो जल गया चूल्हा:लकड़ियां जला कर बन रहा 370 लोगों का खाना
आगरा ।देशभर में एलपीजी सिलेंडर की बढ़ती कीमत और उपलब्धता की समस्या का असर अब सामाजिक संस्थाओं पर भी पड़ने लगा है। आगरा के रामलाल वृद्ध आश्रम में गैस सिलेंडर नहीं मिलने के कारण बुजुर्गों के लिए चूल्हे पर खाना बनाना पड़ रहा है।
आश्रम में करीब 370 बुजुर्गों को प्रतिदिन दो समय का भोजन और चाय दी जाती है। सुबह और शाम का खाना तैयार करने के साथ ही चाय बनाने के लिए भी एलपीजी सिलेंडर की जरूरत होती है। सामान्य तौर पर यहां रोजाना दो सिलेंडर की खपत होती है।
लेकिन सिलेंडर की बढ़ती कीमत और उपलब्धता की समस्या के कारण आश्रम को समय पर एलपीजी सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। आश्रम प्रबंधन का कहना है कि सिलेंडर पाने के लिए कई बार प्रयास किए गए, लेकिन इसके बावजूद पर्याप्त सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो सका।
ऐसी स्थिति में मजबूरी में लकड़ियां जलाकर चूल्हे पर ही खाना तैयार किया जा रहा है। चूल्हे पर खाना बनाने में अधिक समय लगता है और इसके लिए अतिरिक्त मैनपावर भी लगानी पड़ रही है। प्रबंधन के अनुसार देशभर में एलपीजी सिलेंडर की समस्या का असर अब आगरा के इस वृद्ध आश्रम पर भी दिखाई दे रहा है, जिससे बुजुर्गों के भोजन की व्यवस्था करना चुनौती बनता जा रहा है।




