मथुरा में हाईस्कूल की छात्रा ने की आत्महत्या:फंदे से लटका मिला शव, घटना के समय घर पर नहीं था कोई मौजूद

मथुरा । मथुरा के वृंदावन कोतवाली इलाके में बोर्ड परीक्षा के बीच एक दुखद घटना सामने आई। यहां हाई स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा ने आत्महत्या कर ली। छात्रा का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। बुधवार दोपहर हुई घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
वृंदावन कोतवाली इलाके के गोपीनाथ बाग में सीतापुर के रहने वाले मुकेश अपनी पत्नी और दो बेटीयों के साथ किराए के मकान में रहते हैं। मुकेश मध्य प्रदेश में निजी कंपनी में काम करते हैं। मुकेश की 17 वर्षीय बेटी ने बुधवार की दोपहर को कमरे में पंखे के कुंडे में राधा नाम लिखे दुपट्टे से फंदा बनाया और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मुकेश की 17 वर्षीय बड़ी बेटी अंशिका शहर के उइरए बोर्ड के विद्या भारती द्वारा संचालित एक स्कूल में 10 वीं की छात्रा थी। अंशिका के उइरए बोर्ड के एग्जाम चल रहे थे। बुधवार की दोपहर मां रश्मि सिंह अपने बहन के बेटे के साथ मथुरा दवा लेने गईं थीं।
13 वर्षीय छोटी बेटी स्कूल पेपर देने गई थी। छोटी बेटी जब लौटी तो उसने बड़ी बहन को फांसी के फंदे पर लटका देखा। जिसे देखकर उसकी चीख निकल गई।
अंशिका की मां रश्मि सिंह भाजपा महिला मोर्चा की 3 वर्ष पहले मीडिया प्रभारी रहीं थीं। रश्मि सिंह ने बताया कि उनकी दोपहर लगभग 2 बजे अंशिका से फोन पर खाने को लेकर बात हुई। अंशिका ने बताया वह आप सभी का खाना बना लेगी।
इस दौरान ऐसा कुछ नहीं लगा कि वह तनाव में है। आधा घंटे बाद छोटी बेटी का फोन आया और उसने बताया कि दीदी ने फांसी लगा ली है। यह सुनते ही वह घबरा गईं और आकर देखा तो वह मृत मिली।
बोर्ड परीक्षाओं के बीच आत्महत्या करने की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। रंग जी चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड लेटर नहीं मिला है। छात्रा ने आत्महत्या क्यों की है इसका कोई कारण सामने नहीं आया है।
फिलहाल मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुला लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।




