‘त्रिपक्षीय वार्ता से पहले अमेरिकी दूतों से मिलेगा यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल’, जेलेंस्की ने की पुष्टि

कीव। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि उनके देश का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को अमेरिकी दूतों से मुलाकात करेगा। यह मुलाकात रूस के साथ होने वाली एक और त्रिपक्षीय वार्ता से पहले होगी।
जेलेंस्की ने आज पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि यूक्रेन की राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा परिषद के सचिव रुस्तम उमेरोव अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के दामाद जरेड कुशनर से बातचीत करेंगे। उमेरोव की प्रेस सचिव डायना दावित्यान ने कहा कि यह बैठक जिनेवा में होगी। स्विट्जरलैंड का शहर जिनेवा उसी दिन अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु मुद्दे पर होने वाली वार्ता की भी मेजबानी करेगा।
अमेरिका की शांति पहल के तहत इस वर्ष रूस और यूक्रेन के बीच अबू धाबी और जिनेवा में वार्ता हो चुकी है। लेकिन दोनों देशों के बीच मुख्य मतभेदों को दूर करने में अब तक कोई बड़ी प्रगति नहीं हुई है। रूस का अपने पड़ोसी देश के खिलाफ युद्ध अब पांचवें वर्ष में प्रवेश कर चुका है।
जेलेंस्की ने कहा कि गुरुवार की बैठक में युद्ध के बाद यूक्रेन के पुनर्निर्माण की संभावित योजना पर विस्तार से चर्चा होगी। साथ ही मॉस्को के अधिकारियों के साथ होने वाली आगामी त्रिपक्षीय बैठक की तैयारी पर भी बात होगी। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने उमेरोव को कैदियों की संभावित अदला-बदली पर चर्चा करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन चाहता है कि रूस के साथ वार्ता अगले सप्ताह हो।
इससे पहले मंगलवार को जेलेंस्की ने एक कार्यक्रम में कहा कि रूस अपनी बड़ी सेना तथा नागरिक इलाकों पर भारी बमबारी के बावजूद यूक्रेन को हरा नहीं पाया है और न ही यूक्रेन की भावना को तोड़ पाया है।
इंस्टीट्यूट फॉर द स्टडी आॅफ वॉर ने बताया कि पूर्वी इलाकों में करीब 1,250 किलोमीटर लंबी फ्रंट लाइन के कुछ हिस्सों पर हाल के महीनों में यूक्रेनी बलों ने रूसी सेना को पीछे धकेला है। वाशिंगटन स्थित इस शोध संस्थान ने कहा कि ये वर्ष 2024 के बाद की सबसे बड़ी बढ़त है। लेकिन सैनिकों की कमी के कारण इनके बड़े हमलों में बदलने की संभावना कम है। फिर भी, इससे रूस की वसंत और ग्रीष्मकालीन आक्रमण की योजना में बाधा आ सकती है।
यूक्रेन ने लगभग हर रात रूस के भीतर सैन्य और सहयोगी ढांचे पर लंबी दूरी के ड्रोन हमले जारी रखे हैं।




