आगरा

क्रिकेटर राहुल चाहर ने फैशन डिजाइनर पत्नी से तलाक लिया:बोले- कम उम्र में शादी की, इसके लिए बड़ी कीमत चुकानी पड़ी

आगरा क्रिकेटर राहुल चाहर ने फैशन डिजाइनर पत्नी ईशानी जौहर से तलाक ले लिया है। उन्होंने शुक्रवार को अपने अकाउंट पर पोस्ट करके इसकी जानकारी दी।
राहुल ने लिखा कि कम उम्र में शादी होने से वह खुद को और अपने जीवन की दिशा को पूरी तरह समझ नहीं पाए थे। पिछले 15 महीने अदालतों के चक्कर लगाते हुए बीते। उन्होंने लिखा,
सारी कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह मामला मेरे फैसले के साथ समाप्त हुआ, लेकिन इसके लिए मुझे बड़ी कीमत चुकानी पड़ी।
राहुल उत्तर प्रदेश के आगरा के रहने वाले हैं। उन्होंने 22 साल की उम्र में 9 मार्च, 2022 को ईशानी के साथ गोवा में डेस्टिनेशन वेडिंग की थी। अब शादी के करीब 4 साल बाद दोनों ने अलग होने का फैसला लिया है। वहीं, तलाक को लेकर अब तक ईशानी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
राहुल चाहर ने ” पर लिखा- मैंने कम उम्र में शादी की थी। उस समय मैं खुद को, अपनी कीमत को और उस जीवन को पूरी तरह नहीं समझ पाया था, जिसे मैं सच में बनाना चाहता था।
इसके बाद मेरे जीवन में ऐसे साल आए, जिनकी मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। पिछले 15 महीने मैं अदालत के चक्कर लगाता रहा। इस दौरान मैंने धैर्य रखना, सहन करना और सच से मिलने वाली ताकत को समझना सीखा।
आज मेरे जीवन का वह अध्याय कानूनी तौर पर खत्म हो गया है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह मामला मेरे फैसले के साथ समाप्त हुआ, जिसकी मुझे भारी कीमत चुकानी पड़ी।
मैं इस अध्याय को गुस्से या पछतावे के साथ नहीं, बल्कि साफ सोच के साथ बंद कर रहा हूं। मैंने सीखा है कि कुछ रिश्ते हमेशा के लिए नहीं होते। वे हमें जगाने, सिखाने और बदलने के लिए आते हैं।
अब मैं पहले से ज्यादा समझदार और आत्म-जागरूक हूं। मैं अपने जीवन में आगे बढ़ रहा हूं, उस भविष्य की ओर, जिसे पाने का मुझे विश्वास है कि मैं हकदार हूं।
राहुल चाहर और ईशानी की मुलाकात शादी से 4 साल पहले कॉमन दोस्तों के जरिए हुई थी। यहीं से दोनों की जान-पहचान शुरू हुई। धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ीं और दोस्ती प्यार में बदल गई। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को कई साल तक डेट किया।
फिर 9 मार्च, 2022 को गोवा में राहुल चाहर ने बेंगलुरु की फैशन डिजाइनर ईशानी से शादी की। इस शादी में कई क्रिकेटर, सेलिब्रिटी और दोनों परिवारों के करीबी रिश्तेदार शामिल हुए थे। शादी के बाद दोनों अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें साझा करते थे। लेकिन पिछले कुछ महीनों से दोनों की तलाक की खबरें सामने आ रही थीं।
राहुल चाहर भारतीय तेज गेंदबाज दीपक चाहर के चचेरे और ममेरे भाई हैं। राहुल और दीपक की उम्र में 7 साल का अंतर है। दीपक बड़े हैं। दीपक चाहर के चाचा और उनकी मौसी ने आपस में शादी की है। इसके चलते उनकी मौसी ही उनकी चाची भी बन गईं। इसी वजह से राहुल उनके मौसी और चाचा के बेटे भी लगते हैं।
राहुल चाहर का जन्म 4 अगस्त 1999 को राजस्थान के भरतपुर में हुआ था। वह दाएं हाथ के लेग स्पिनर हैं। राहुल ने 16 साल की उम्र में 2016-17 रणजी ट्रॉफी में राजस्थान के लिए फर्स्ट क्लास डेब्यू किया। एक स्पिनर के रूप में उन्होंने जल्दी ही पहचान बना ली।
राहुल ने भारत अंडर-19 और इंडिया ए टीम में जगह बनाई। घरेलू लिस्ट ए और टी20 टूनार्मेंट में वह लगातार राजस्थान के प्रमुख विकेट लेने वालों में शामिल रहे। साल 2025 में उन्होंने काउंटी चैम्पियनशिप के लिए खेलते हुए डेब्यू मैच में 8/51 का रिकॉर्ड प्रदर्शन किया, जो किसी भी गेंदबाज का 166 साल में सर्वश्रेष्ठ डेब्यू रिकॉर्ड था।

Related Articles

Back to top button