एयरफोर्स स्टेशन में संदिग्ध गुब्बारा मिलने के बाद बढ़ी निगरानी:2 हजार घरों की स्क्रीनिंग होगी
आगरा । आगरा के खेरिया एयरफोर्स स्टेशन परिसर में मिले जहाजनुमा गुब्बारे के मामले में पुलिस और खुफिया एजेंसियां जांच में जुटी हुई हैं। टीमों ने एयरपोर्ट के आसपास रहने वाले 2000 से अधिक घरों की स्क्रीनिंग की तैयारी की है।
इसके अलावा शहर में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की भी निगरानी बढ़ा दी गई है। बता दें कि जिस आगरा में ये गुब्बारा मिला था, उसी दिन पाकिस्तान बॉर्डर से सटे बीकानेर में भी ऐसा ही गुब्बारा मिला था।
एयरफोर्स स्टेशन परिसर में 12 फरवरी को ह्यपाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइनह्ण लिखा एक गुब्बारा मिला था। इसकी बनावट हवाई जहाज जैसी थी और इसमें लगभग 10 मीटर लंबा धागा भी बंधा था।
इस संबंध में थाना शाहगंज में प्राथमिकी दर्ज है। आशंका है कि यह गुब्बारा एयरफोर्स एरिया के आसपास के किसी इलाके से उड़ाया गया हो, लेकिन इसके पीछे का मकसद अब तक स्पष्ट नहीं है।
पुलिस ने एयरफोर्स स्टेशन के आसपास अर्जुन नगर, नरीपुरा, मलपुरा, वायु विहार सहित दो दर्जन से अधिक मोहल्लों में 2000 से अधिक घरों की स्क्रीनिंग की तैयारी की है। इनमें रहने वालों का सत्यापन किया जा रहा है।
पुलिस का मानना है कि गुब्बारे में हीलियम गैस भरी होगी। गुब्बारा कई किलोमीटर दूर से भी आ सकता है। जिस दिशा से हवा चल रही होगी, उसी दिशा से गुब्बारा आने की संभावना है। उस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएंगे। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ होगी।
वहीं, इस मामले के बाद आगरा में रह रहे पाकिस्तानियों की निगरानी बढ़ा दी गई है। अभी आगरा में कुल 54 पाकिस्तानी नागरिक रह रहे हैं। इनमें से 43 लोग स्थायी वीजा पर ठहरे हुए हैं। आठ अन्य लोगों ने स्थायी वीजा के लिए आवेदन किया है, जिनकी स्वीकृति नहीं मिली है।
तीन पाकिस्तानी नागरिक दुबई के रास्ते आगरा आए हैं और दयालबाग में एक सत्संग में भाग लेने के लिए यहां रुके हुए हैं। उनके पास टूरिस्ट वीजा है।




