टंकी से टकराकर कार नहर में गिरी:मथुरा में 4 दोस्तों की मौत, 2 को रस्सी और दो को क्रेन से बाहर निकाला
मथुरा । मथुरा के मगोर्रा थाना के पास बुधवार की रात एक कार नहर में गिर गई। हादसे में 2 लॉ स्टूडेंट समेत 4 युवकों की मौत हो गई। सभी शादी में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में ड्राइवर मोड़ नहीं देख पाया और कार 20 फीट गहरी नहर में जा गिरी।
स्थानीय लोगों ने कार को नहर में गिरते देखा। दौड़कर मौके पर पहुंचे और तुरंत बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने 2 लड़कों को गाड़ी का दरवाजा तोड़कर बाहर निकाल लिया।
इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू आॅपरेशन शुरू हुआ। दो युवकों को नहीं निकाला जा सका। इसके बाद क्रेन मंगाकर कार को बाहर निकाला गया। तब जाकर दोनों युवकों के शव कार से बाहर निकाले गए।
मृतकों की पहचान राहुल (23), अमित (22) मोहित के साथ फरीदाबाद के रहने वाले उनके दोस्त गुल्लू के रूप में हुई है। अमित और मोहित लॉ की पढ़ाई कर रहे थे, जबकि राहुल सिलाई का काम करता था।
प्रेम नगर महावन का रहने वाला अमित (22) अपने दोस्त राहुल के भाई सज्जन कुमार की फ्रॉंक्स गाड़ी संख्या वढ85उश्9856 से दोस्त राहुल, मोहित और गुल्लू के साथ डीग के लिए निकले। लॉ की पढ़ाई कर रहे अमित और मोहित आगे बैठे थे, जबकि राहुल और गुल्लू पीछे बैठे थे।
राहुल के पिता चरण सिंह टेलर हैं वह उन्हीं के साथ काम करता था,जबकि बलदेवगढ़ महावन के ही रहने वाले मोहित के पिता प्रेम सिंह मजदूरी करते थे। मोहित और राहुल चचेरे भाई हैं।
लगन समारोह में शामिल होने के लिए बुधवार की रात घर से निकले। गोवर्धन बाईपास होते हुए डीग जा रहे थे। जैसे ही नगला दैवीय के पास पहुंचे तभी रात में हल्की बारिश और तेज मोड़ होने के चलते गाड़ी से नियंत्रण खो बैठे।
सामने से आ रहे किसी वाहन को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित हो गई और वहां सड़क किनारे रखी एक पानी की टंकी में टक्कर मारते हुए नहर में जा गिरी।
चारों युवकों की मौत से गांव में सन्नाटा है। ग्रामीण शोक में हैं। इस हादसे ने सड़क सुरक्षा के दावे करने वालों की भी कलई खोल कर रख दी। जिस जगह हादसा हुआ वहां मोड़ होने के बावजूद न तो ब्रेकर था, न चेतावनी बोर्ड लगा था और न ही रेलिंग लगी थी।
नगला दैवीय के पास से जाने वाली 6 मीटर गहरी कैनाल में किसी के गिरने की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़ लिए। ग्रामीणों ने कार और उसमें फंसे चार युवकों को नहर में डूबते देखा। सूचना पुलिस को दी।
इसके बाद ग्रामीणों ने खुद ही कार में फंसे युवकों को निकालने का प्रयास शुरू किया। पुलिस के पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने दो युवकों को कार से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो गई। पुलिस और दमकल की टीम ने क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला। इसके बाद उसमें फंसे दोनों युवकों को बाहर निकाला। उनकी भी मौत हो चुकी थी।




