मथुरा

बांके बिहारी मंदिर में गुब्बारों से सजावट नहीं होगी:जगमोहन में विराजमान होकर दर्शन देंगे भगवान

मथुरा । बांके बिहारी मंदिर में सजावट के लिए प्रयोग किए जाने वाले गुब्बारों पर अब कमेटी ने रोक लगा दी है। कमेटी अध्यक्ष रिटायर्ड न्यायधीश अशोक कुमार का कहना है कि गुब्बारों से निकलने वाली गैस स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। कचरे में गुब्बारों का कचरा जाता है कई बार इनको मवेशी खा जाते हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य को खतरा बना रहता है।
मीटिंग में निर्णय लिया गया है कि मंदिर में सजावट में प्राकृतिक वस्तुओं का ही प्रयोग किया जाए। बांके बिहारी मंदिर हाई पावर मैनेजमेंट कमेटी की मंगलवार देर शाम कमेटी के लक्ष्मण शहीद स्मारक स्थित आॅफिस के सभागार में मीटिंग हुई। मीटिंग में 16 प्वाइंट रखे गए।
इसके साथ ही होली के दौरान आने वाले श्रद्धालु सुगमता से दर्शन कर सकें इसके लिए भी प्लान तैयार किया गया। ढाई घंटे तक चली मीटिंग में कमेटी के अध्यक्ष सहित सभी सदस्य मौजूद रहे।
रिटायर्ड न्यायधीश अशोक कुमार ने बताया कि सजावट में फूल का प्रयोग हो। इसके अलावा गर्भ गृह और जगमोहन से भक्तों द्वारा चढ़ाई जाने वाली फूल मालाओं को इकट्?ठा किया जाएगा। इसके बाद सभी फूल को किसी संस्था से बात कर दिया जाएगा। जिससे उन फूलों से अगरबत्ती,धूप बत्ती आदि बनाई जा सके।
इससे यह फायदा होगा कि भगवान को अर्पित किए गए फूल का गलत उपयोग नहीं होगा और वह काम भी आयेगा।
मीटिंग में भीड़ नियंत्रण के लिए लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए भगवान के लाइव दर्शन शुरू किए जाएंगे। मीटिंग में निर्णय लिया गया कि रंग भरनी एकादशी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु आएंगे। इससे पहले ही लाइव स्ट्रीमिंग शुरू की जाए।
संभावना जताई जा रही है कि 25 फरवरी से बांके बिहारी मंदिर में लाइव स्ट्रीमिंग शुरू हो जाएगी। जिससे लोग घर बैठे ही दर्शन का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
कमेटी की 12 वीं बैठक में कमेटी सदस्य और मंदिर के सेवायत श्री वर्धन गोस्वामी ने कहा कि 18 फरवरी से उनकी सेवा शुरू हो रही है। भगवान को जगमोहन में विराजमान किया जाए। जिससे ज्यादा से ज्यादा भक्त सुगमता से दर्शन कर सकें। श्री वर्धन गोस्वामी द्वारा दिए गए इस प्रस्ताव को सभी सदस्यों ने स्वीकार कर लिया।
कमेटी अध्यक्ष रिटायर्ड न्यायधीश अशोक कुमार ने मंदिर के अन्य सेवायतों से भी अपील की कि वह भी भगवान को जगनमोहन में विराजमान कराएं जिससे श्रद्धालु आसानी से भगवान के दर्शन कर सकें।

Related Articles

Back to top button