ताज महोत्सव-नीरज की गायकी, कृष्णा की कॉमेडी जमाएगी रंग:18 फरवरी से शुरू होगा महोत्सव
आगरा । ताज महोत्सव 2026 की तैयारियां अंतिमचरण में है। 18 से 27 फरवरी तक आयोजित होने वाला यह महोत्सव इस बार शिल्पग्राम के बजाय फतेहाबाद रोड स्थित टाटा ग्राउंड पर होगा। वॉलीबुड नाइट से लेकर सूफी और कॉमेडी नाइट के प्रोग्राम फाइनल हो गए हैं।
महोत्सव के 5वें दिन फेमस सिंगर नीरज श्रीधर की नाइट होगी। वहीं, समापन से एक दिन पहले कृष्णा-अभिषेक की कॉमेडी नाइट लोगों को गुदगुदाएगी। 10 दिवसीय महोत्सव में हर शाम के प्रोग्राम फाइनल हो गए हैं। 25 फरवरी को फेमस सांग ‘आज की रात मजा हुस्न का आंखों से लीजिए’ की सिंगर मधुबंती बागची की नाइट होगी।
यूपी सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ताज महोत्सव 2026 का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य और कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय भी मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। शिल्पग्राम में निर्माण कार्य चल रहा है, इसके चलते इस बार यहां ताज महोत्सव आयोजित नहीं हो सका है। इसके लिए प्रशासन ने फतेहाबाद रोड स्थित टाटा ग्राउंड को चुना है।
महोत्सव का शुभारंभ 18 फरवरी को शाम 5 बजे होगा। यहां तैयारियां अंतिम चरण में है। देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले शिल्पियों के लिए स्टॉल तैयार हो चुके हैं। इस बार महोत्सव में 500 स्टॉल होंगे।
10 दिवसीय महोत्सव के दौरान मुख्य आयोजन टाटा ग्राउंड पर ही होंगे। यहां हर शाम को गीत-संगीत की बयार बहेगी। सूफी नाइट और पंजाबी नाइट के साथ ही भक्ति संख्या भी होगी। 21 फरवरी को फतेहपुर सीकरी स्मारक के अंदर निजामी बंधु की कव्वाली गूंजेगी। वहीं, 23 फरवरी को मिश्रा बंधु के भजन बटेश्वर मंदिर में गूंजेगे।




