मथुरा में एक्सीडेंट में 2 युवकों की मौत:ड्यूटी करके बाइक से घर लौट रहे थे, ट्रक ने मारी टक्कर

मथुरा । मथुरा के थाना जमुनापार क्षेत्र में ड्यूटी कर लौट रहे बाइक सवार 3 युवकों को ट्रक ने टक्कर मार दी। पानीगांव रोड पर राधारानी मंदिर के पास हुए हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
मथुरा के गांव ऊदलगढ़ी निवासी देवेश और भोला अपने एक अन्य साथी के साथ वृंदावन में मिड डे मील सप्लाई करने वाली संस्था अक्षयपात्र में ड्यूटी करते थे। शुक्रवार की देर रात तीनों युवक ड्यूटी करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे।
जैसे ही वे पानीगांव रोड पर राधारानी मंदिर के पास पहुंचे, ट्रक ने ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि देवेश, भोला और उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों घायल युवक को तुरंत उपचार के लिए जिला संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने 2 युवक देवेश और भोला उम्र करीब 25 वर्ष को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल साथी की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। एक ही गांव के दो युवकों की मौत से थाना मांट क्षेत्र के ऊदल गढ़ी गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस फिलहाल टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है। सीओ सदर पीतम पाल सिंह ने बताया कि पुलिस हादसे को अंजाम देने वाले वाहन की तलाश कर रही है।




