साइबर पुलिस ने ठगी के 3.14 लाख रुपए वापस कराए

मथुरा। मथुरा साइबर पुलिस ने आॅनलाइन ठगी का शिकार हुए एक व्यक्ति को 3.14 लाख रुपये वापस दिलाए हैं। यह कार्रवाई साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस अभियान का हिस्सा है, जिसके सकारात्मक परिणाम लगातार सामने आ रहे हैं।
गोरखपुर निवासी विनीत शुक्ला, जो वर्तमान में गोवर्धन की राधेश्याम कॉलोनी में रहते हैं, 10 दिसंबर को साइबर ठगों का शिकार हुए थे। ठगों ने उनके मोबाइल पर एक संदिग्ध लिंक भेजा, जिसके माध्यम से एपीके फाइल डाउनलोड होते ही उनका फोन हैक हो गया। इसके बाद उनके क्रेडिट कार्ड से 3 लाख 14 हजार रुपये का अवैध लेनदेन कर लिया गया।
धोखाधड़ी का पता चलते ही पीड़ित विनीत शुक्ला ने तत्काल साइबर थाने में संपर्क कर आॅनलाइन शिकायत दर्ज कराई। साइबर थाना प्रभारी रफत मजीत ने बताया कि एसएसपी श्लोक कुमार के निर्देश पर साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मामले को गंभीरता से लिया गया।
साइबर टीम ने पीड़ित के क्रेडिट कार्ड स्टेटमेंट, तकनीकी साक्ष्य और डिजिटल जानकारी का विश्लेषण किया। संबंधित बैंक और अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर ठगों द्वारा ट्रांसफर की गई पूरी राशि को समय रहते फ्रीज कराकर पीड़ित के खाते में वापस करा दिया गया।
राशि वापस मिलने पर विनीत शुक्ला ने साइबर पुलिस की सराहना की और कहा कि यदि समय पर पुलिस की मदद न मिलती तो उनकी मेहनत की कमाई हमेशा के लिए चली जाती। साइबर थाना प्रभारी ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध लिंक, एपीके फाइल, कॉल या मैसेज से सावधान रहें।
उन्होंने यह भी सलाह दी कि बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड और ओटीपी से जुड़ी जानकारी किसी से साझा न करें। किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।




