अंतरराष्ट्रीय

खैबर पख्तूनख्वा में हिमस्खलन से एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में भारी बर्फबारी के कारण हुए हिमस्खलन में एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई। हिमस्खलन के कारण उनका पूरा घर बर्फ में दब गया।
डॉन अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, बर्फबारी के कारण शुक्रवार को खैबर पख्तूनख्वा, बलूचिस्तान, गिलगित-बाल्टिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में जनजीवन पूरी तरह ठप हो गया। कई सड़कें बंद हो गईं, यात्री फंस गए और भीषण ठंड के बीच बिजली और राहत कार्य प्रभावित हुए। शुक्रवार दोपहर खैबर पख्तूनख्वा के चितराल जिले के दक्षिणी इलाके में स्थित सेरीगल गांव के एक घर को हिमस्खलन ने अपनी चपेट में ले लिया।
निचले चितराल के उपायुक्त हाशिम अजीम ने बताया कि मलबे से सभी शव निकाल लिए गए हैं, जबकि नौ साल का एक बच्चा इस हादसे में बच गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने बताया कि इलाके में 20 इंच से ऊपर तक बर्फबारी हुई। पास के चरागाह से भारी मात्रा में बर्फ फिसलकर नीचे आई और उसने पहाड़ी गांव में स्थित उस अकेले घर को अपने चपेट ले लिया।
मृतकों की पहचान बाचा खान, उनकी पत्नी, तीन बेटे, दो बेटियां और दो बहुओं के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य घर के बीच वाले कमरे में खाना खा रहे थे। चितराल घाटी में अरंदू से लेकर ब्रोघिल तक 36 घंटे से अधिक समय तक लगातार बर्फबारी होती रही, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हुई।
कई सड़कों पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई, जिससे हजारों यात्री करीब 18 घंटे तक फंसे रहे। शुक्रवार शाम को बर्फ हटाए जाने के बाद कुछ जगहों पर यातायात बहाल हो सका। ऊपरी और निचले चितराल की कई सड़कें अब भी भारी बर्फबारी के कारण बंद हैं।

Related Articles

Back to top button