मथुरा

5 साल के बच्चे ने सुनाया गीता का श्लोक: धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने दिए 50 हजार रुपए का इनाम

मथुरा। मथुरा के वृंदावन में सुदामा कुटी में चल रहे शताब्दी महोत्सव में शामिल होने के लिए 11वें दिन मंगलवार को बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पहुंचे। इस दौरान उनका अलग ही अंदाज देखने को मिला।
कार्यक्रम के बीच एक ई-रिक्शा ड्राइवर का छोटा बच्चा मंच पर उन्हें सम्मानित करने पहुंचा। बच्चे को धोती-कुर्ता में देखकर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री प्रभावित हो गए। उन्होंने बच्चे को अपने सामने रखी टेबल पर खड़ा किया और उसके गले में पटका पहनाया।
इसके बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बच्चे से उसका नाम और पढ़ाई के बारे में पूछा। इस पर बच्चे ने बताया- मेरा नाम वैभव है। मैं गीता और भागवत पढ़ रहा हूं। बच्चे की बात सुनकर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और अधिक प्रभावित हो गए।
इसके बाद उन्होंने वैभव से गीता का एक श्लोक सुनाने को कहा। वैभव ने मंच पर गीता का श्लोक सुनाया, जिसे सुनकर मौजूद श्रद्धालुओं ने तालियों के साथ उसका उत्साह बढ़ाया। इससे खुश होकर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बच्चे को 50 हजार रुपए का इनाम दिया।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने वैभव से पूछा कि उसके पिता क्या करते हैं। इस पर वैभव ने बताया- मेरे पिता ई-रिक्शा चलाते हैं। यह सुनकर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कुछ पल के लिए भावुक हो गए।
इसके बाद उन्होंने अपने सेवादारों से कुछ राशि देने को कहा, लेकिन इससे पहले ही उन्होंने अपने साथ रखी झोली में हाथ डालकर 500 रुपए के नोटों की एक गड्डी निकाल ली और वैभव को सौंप दी। नोटों की गड्डी देते हुए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा- यह दक्षिणा है।

Related Articles

Back to top button