यमुना किनारे महिला-पुरुष में मारपीट का वीडियो वायरल

मथुरा। मथुरा के थाना कोतवाली क्षेत्र में यमुना किनारे एक महिला और पुरुष के बीच सड़क पर हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना को लेकर विभिन्न तरह की चचार्एं सामने आ रही हैं, जिसमें इसे पारिवारिक विवाद और कानून-व्यवस्था से जुड़ा मुद्दा बताया जा रहा है।
यह मामला यमुना पार क्षेत्र में रहने वाले एक नाविक परिवार के आपसी विवाद से संबंधित है। बताया गया है कि परिवार के दो पक्षों के बीच नाव चलाने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के कारण दो दिन पहले भी यमुना किनारे दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी, जिसे उस समय शांत करा दिया गया था।
पुराने विवाद की नाराजगी के चलते बाद में महिला और पुरुष के बीच सड़क पर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह बहस हिंसक झड़प में बदल गई, और दोनों एक-दूसरे पर लात-घूंसे तथा थप्पड़ों से हमला करने लगे। राहगीर रुककर यह घटना देखने लगे, और किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया। पुलिस के मुताबिक, यह पूरी घटना एक पारिवारिक विवाद का परिणाम थी, और दोनों पक्षों को मौके पर ही समझा-बुझाकर शांत कर दिया गया था।
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है। उनका कहना है कि सार्वजनिक स्थानों और घाटों पर इस तरह के घरेलू विवादों से बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के बीच गलत संदेश जाता है।
पुलिस फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।




