
कोलकाता । पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में शनिवार को एक पटाखा बनाने की फैक्टरी में जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, यह विस्फोट दोपहर करीब 1 बजे चंपाहाटी इलाके में स्थित फैक्टरी में हुआ। धमाका इतना तेज था कि फैक्टरी की इमारत को भारी नुकसान पहुंचा और आसपास के कई घर भी प्रभावित हुए। स्थानीय लोगों का कहना है कि विस्फोट की आवाज बहुत तेज थी और फैक्टरी की एस्बेस्टस की छत उड़ गई।
घायलों में से तीन की पहचान गौर गंगोपाध्याय, किशन मंडल और राहुल मंडल के रूप में हुई है, जबकि चौथे घायल की पहचान अभी नहीं हो सकी है। सभी घायलों को जलने की गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें तुरंत बारुईपुर और कोलकाता के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
विस्फोट के बाद लगी आग को बुझाने के लिए कई दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन जांच शुरू कर दी गई है। फॉरेंसिक जांच के लिए मौके से नमूने भी जुटाए गए हैं।
बता दें कि इस पूरे हादसे को लेकर प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अनुभवहीन मजदूरों द्वारा विस्फोटक सामग्री को गलत तरीके से संभालने के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। बताया जा रहा है कि फैक्टरी में शादी-ब्याह के लिए पटाखे बनाए जा रहे थे। गौरतलब है कि इसी चंपाहाटी इलाके में दिसंबर 2024 में भी एक पटाखा फैक्टरी में विस्फोट हुआ था, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी।


