मथुरा में जीआरपी ने लापता बच्ची को किया बरामद:सिलवासा से गायब हो गई थी

मथुरा। मथुरा जंक्शन जीआरपी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक गुमशुदा बालिका को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। यह बालिका सिलवासा, दादर नगर हवेली से लापता हुई थी।
जानकारी के अनुसार, थाना जीआरपी मथुरा जंक्शन को सूचना मिली थी कि सिलवासा, दादर नगर हवेली थाने में दर्ज गुमशुदगी की एक बालिका मथुरा जंक्शन क्षेत्र में मौजूद हो सकती है। गुमशुदा बालिका की पहचान 24 वर्षीय पूजा के रूप में हुई थी।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में थाना जीआरपी मथुरा जंक्शन की टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। महिला उपनिरीक्षक रेनू अपनी टीम के साथ मथुरा जंक्शन परिसर में सघन तलाश में जुट गईं।
सतर्कता और सूझबूझ के साथ की गई कार्रवाई के परिणामस्वरूप, गुमशुदा पूजा को मथुरा जंक्शन परिसर से सकुशल बरामद कर लिया गया। बरामदगी के बाद बालिका से आवश्यक पूछताछ कर उसकी पहचान सुनिश्चित की गई।
इसके बाद पूजा के भाई, जो इस मामले में सूचनाकर्ता थे, को थाने बुलाया गया। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद गुमशुदा बालिका को उसके भाई के सुपुर्द कर दिया गया।
अपने परिजन को सुरक्षित पाकर परिवारजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार व्यक्त किया। जीआरपी पुलिस के इस त्वरित और प्रभावी कार्य की रेलवे परिसर में मौजूद यात्रियों एवं आम जनता द्वारा सराहना की गई।




