खेल

द. अफ्रीका के बाद स्कॉटलैंड के खिलाफ भी गरजे वैभव, 190+ के स्ट्राइक रेट से की बल्लेबाजी

बुलावायो । अंडर-19 विश्व कप की शुरूआत में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है। भारतीय अंडर-19 टीम आज स्कॉटलैंड के खिलाफ अभ्यास मैच खेल रही है। बुलावायो में खेले जा रहे इस मुकाबले में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने धमाकेदार प्रदर्शन किया। बता दें कि, स्कॉटलैंड अंडर-19 टीम के कप्तान थॉमस नाइट ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है।
इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने 50 गेंदों का सामना किया और 96 रनों की धुआंधार पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से नौ चौके और सात गगनचुंबी छक्के निकले। वहीं, उनका स्ट्राइक रेट 192.00 का रहा। हालांकि, वह शतक पूरा करने से सिर्फ चार रन से चूक गए। इससे पहले, वैभव ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आखिरी यूथ वनडे में 127 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी।
दक्षिण अफ्रीका की धरती पर अपने पहले शतक के साथ वैभव ने बड़ी उपलब्धि हासिल की थी। 14 वर्षीय वैभव पांच अलग-अलग देशों में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल हो गए। इससे पहले उन्होंने भारत, यूएई, आॅस्ट्रेलिया और इंग्लैंड में शतकीय पारी खेली थी। भारत ने दक्षिण अफ्रीका को तीन यूथ वनडे मैचों की सीरीज में 3-0 से हराया था।
अंडर-19 विश्व कप से पहले भारतीय टीम शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 3-0 से क्लीन स्वीप इस बात का सबूत है। अंडर-19 विश्व कप का आयोजन 15 जनवरी से छह फरवरी तक जिम्बाब्वे और नामीबिया में होगा। 16 टीमों का चार ग्रुप में बांटा गया है। पांच बार की अंडर-19 विश्व कप विजेता भारतीय टीम को ग्रुप बी में न्यूजीलैंड, अमेरिका और बांग्लादेश के साथ शामिल किया गया है। भारत अपने अभियान की शुरूआत 15 जनवरी से अमेरिका के खिलाफ मुकाबले से करेगी। इसके बाद टीम का सामना 17 जनवरी को बांग्लादेश और 24 जनवरी को न्यूजीलैंड से होगा। टूनार्मेंट का फाइनल मुकाबला हरारे में खेला जाएगा।

Related Articles

Back to top button