सांसद कंगना रनोट की फिल्मों में वापसी:’भारत भाग्य विधाता’ की शूटिंग शुरू की

मुंबई । लोकसभा चुनाव जीतकर मंडी की सांसद बनीं कंगना रनोट ने लंबे समय बाद फिल्म के सेट पर वापसी की है। कंगना ने सोमवार को अपनी अपकमिंग फिल्म भारत भाग्य विधाता की शूटिंग शुरू की है।
कंगना रनोट ने आॅफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट से फिल्म भारत भाग्य विधाता के सेट से एक वीडियो पोस्ट किया है। इसके साथ उन्होंने लिखा है, मणिकर्णिका फिल्म्स के सेट पर आकर अच्छा लग रहा है।
कंगना रनोट के प्रोडक्शन हाउस मणिकर्णिका फिल्म्स के इंस्टाग्राम अकाउंट से भी कंगना का वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो फिल्म के सेट का मुआयना करती नजर आई हैं।
कंगना रनोट ने सितंबर 2024 में फिल्म भारत भाग्य विधाता की अनाउंसमेंट की थी। ये फिल्म आम जनता की एक्स्ट्रा आॅर्डिनरी उपलब्धि की कहानी होने वाली है, जिसमें कंगना रनोट लीड रोल में हैं। इस फिल्म को मनोज तपाड़िया ने लिखा है। इस फिल्म का निर्देशन भी मनोज ही करेंगे। फिल्म कंगना रनोट के प्रोडक्शन हाउस मणिकर्णिका के बैनर तले बन रही है, जिसे बबिता अशिवाल और आदि शर्मा भी प्रोड्यूस कर रहे हैं।
कंगना रनोट की आखिरी फिल्म इमरजेंसी थी, जो जनवरी 2025 में रिलीज हुई थी। शुरूआत में ये फिल्म 2024 में रिलीज होने वाली थी, हालांकि फिल्म सर्टिफिकेशन विवाद के चलते फिल्म लंबे समय से टलती रही। लंबे विवाद के बाद फिल्म जनवरी 2025 में आई, लेकिन बॉक्स आॅफिस पर बुरी तरह फ्लॉप रही।
अब भारत भाग्य विधाता, इमरजेंसी के बाद कंगना रनोट की पहली फिल्म होने वाली है। इसके अलावा कंगना रनोट के पास तनु वेड्स मनु 3, सीता: द इन्कार्नेशन जैसी फिल्में भी हैं।
कंगना रनोट ने लोकसभा चुनाव जीतने से पहले दावा किया था कि अगर वो चुनाव जीत जाती हैं, तो फिल्मों में काम करना बंद कर देंगी। हालांकि चुनाव जीतते ही उन्होंने बयान पलट दिया। अब देखना होगा कि फ्लॉप फिल्म इमरजेंसी के बाद कंगना का कमबैक कैसा होगा।




