भारत-बांग्लादेश विवाद के बीच खुद के लिए अवसर तलाश रहा आइसलैंड क्रिकेट

नई दिल्ली । भारत और बांग्लादेश के बीच जारी विवाद अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के निर्देश के बाद आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने बांग्लादेशी गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को टीम से निकाल दिया। इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने टी20 विश्व कप के लिए भारत में अपनी टीम नहीं भेजने का फैसला किया और आईसीसी से उनके मैच श्रीलंका में शिफ्ट करने की मांग की। इसके पीछे उन्होंने सुरक्षा का हवाला दिया। इस पर अब आइसलैंड क्रिकेट ने चुटकी ली है।
बीसीबी के भारत में सुरक्षा को लेकर उठाए गए सवालों पर आइसलैंड क्रिकेट ने चुटकी ली है। उन्होंने कहा, ‘इससे पहले कि कोई पूछे, हां, आइसलैंड आने वाले टी20 विश्व कप में बांग्लादेश की जगह ले सकता है, और हमें सुरक्षा और सेहत को लेकर कोई चिंता नहीं है। हमारे खिलाड़ियों को हो सकती है, लेकिन हमें नहीं।’ बोर्ड ने साफ कर दिया कि उन्हें भारत में सुरक्षा की कोई चिंता नहीं है।
मुस्तफिजुर को कोलकाता नाइट राइडर्स ने नीलामी में 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। बाद में बीसीसीआई के आदेश पर और बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों को लेकर राजनीतिक तनाव को देखते हुए केकेआर ने उन्हें रिलीज कर दिया था। इसके बाद बौखलाए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से टी20 विश्व कप के अपने मुकाबले श्रीलंका में शिफ्ट करने की मांग की। इसके पीछे उनकी तरफ से सुरक्षा का हवाला दिया गया। वहीं, बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने आईपीएल के प्रसारण को बैन कर दिया है। अब देखना होगा कि खेल की वैश्विक संस्था इस पर क्या निर्णय लेती है। बांग्लादेश को अपने चार लीग मैच में से तीन कोलकाता और एक मुंबई में खेलना है। बांग्लादेश के लीग मैच वेस्टइंडीज (सात फरवरी), इटली (नौ फरवरी) और इंग्लैंड (14 फरवरी) के खिलाफ कोलकाता में और नेपाल (17 फरवरी) के खिलाफ मुंबई में है। बांग्लादेश को ग्रुप सी में इटली, नेपाल, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के साथ रखा गया है।



