हार्दिक-बुमराह को आराम, गिल संभालेंगे कमान!

मुंबई । भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का एलान तीन या चार जनवरी को होने की संभावना है। इस सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे सीनियर खिलाड़ी नजर आएंगे, जबकि वर्कलोड मैनेजमेंट को ध्यान में रखते हुए हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह को आराम दिया जा सकता है।
चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका दौरे पर वनडे नहीं खेल पाने वाले कप्तान शुभमन गिल न्यूजीलैंड सीरीज में वापसी करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वह टेस्ट सीरीज के दौरान चोटिल हुए थे, लेकिन इसके बाद टी20 में सफल वापसी कर चुके हैं। ऐसे में गिल के एक बार फिर वनडे टीम की कप्तानी संभालने की पूरी संभावना है।
वनडे टीम के उप कप्तान श्रेयस अय्यर फिलहाल फिट नहीं हैं। सितंबर में आॅस्ट्रेलिया दौरे के दौरान कंधे में चोट लगने के बाद से वे क्रिकेट से दूर हैं और बंगलूरू स्थित नेशनल क्रिकेट एकेडमी में रिहैब कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें अब तक फिटनेस सर्टिफिकेट नहीं मिला है, जिससे न्यूजीलैंड सीरीज से उनका बाहर रहना लगभग तय माना जा रहा है।
लगातार क्रिकेट और इंजरी इतिहास को देखते हुए आॅलराउंडर हार्दिक पांड्या और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को वनडे सीरीज से आराम दिया जा सकता है। दोनों खिलाड़ी टी20 वर्ल्ड कप की योजना का अहम हिस्सा हैं और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए उपलब्ध रहेंगे।
शुभमन गिल की वापसी के साथ शीर्ष तीन लगभग तय माने जा रहे हैं। ऐसे में रोहित शर्मा के साथ पिछली सीरीज में ओपनिंग करने वाले यशस्वी जायसवाल की जगह पर खतरा मंडरा रहा है। अगर चयनकर्ता यशस्वी को नहीं चुनते हैं तो विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को स्क्वॉड में शामिल किया जा सकता है, जो ओपनिंग के साथ-साथ मिडिल आॅर्डर और विकेटकीपिंग का बैकअप विकल्प भी हैं। ईशान को हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय टी20 टीम में दोबारा चुना गया था, जहां उन्होंने झारखंड को ऐतिहासिक खिताबी जीत दिलाते हुए कप्तानी की थी।
विराट कोहली का तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करना भी तय है। श्रेयस अय्यर की गैरमौजूदगी में नंबर-चार की जिम्मेदारी ऋतुराज गायकवाड़ को मिल सकती है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इसी पोजिशन पर शतक जड़ा था। केएल राहुल एक बार फिर मिडिल आॅर्डर में बल्लेबाजी करते नजर आ सकते हैं।
ऋषभ पंत टीम में अपनी जगह बरकरार रख पाएंगे या नहीं, इसे लेकर बहस तेज है। विकेटकीपर-बल्लेबाज पंत ने जुलाई 2024 में श्रीलंका दौरे के बाद से एक भी वनडे मैच नहीं खेला है। मौजूदा विजय हजारे ट्रॉफी में भी उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। चार मैचों में उन्होंने सिर्फ एक अर्धशतक लगाया है और कुल 121 रन बनाए हैं, जो 30.25 की औसत से आए हैं। इसके अलावा, चयनकतार्ओं की नजर संजू सैमसन पर भी हो सकती है, जो लंबे समय से सीमित ओवरों के क्रिकेट में अपनी जगह के लिए दावेदारी पेश करते रहे हैं।
हार्दिक की अनुपस्थिति में नीतीश कुमार रेड्डी को मौका मिल सकता है। स्पिन आॅलराउंडर के तौर पर रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर टीम का हिस्सा होंगे। कुलदीप यादव स्पिन आक्रमण की अगुवाई कर सकते हैं।
मोहम्मद सिराज की वनडे टीम में वापसी की संभावना भी दिख रही है है। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद वे प्रसिद्ध कृष्णा या अर्शदीप सिंह की जगह ले सकते हैं। हालांकि, अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। हर्षित राणा का स्क्वॉड में होना तय है।
अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। चैंपियंस ट्रॉफी के बाद उनकी संभावित वापसी को लेकर काफी चर्चा है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या चयन समिति समय को पीछे मोड़ने के लिए तैयार है? 35 वर्षीय शमी ने मौजूदा विजय हजारे ट्रॉफी में चार मैचों में आठ विकेट चटकाए हैं और वह टीम के लिए एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकते हैं, खासकर तब जब जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या को न्यूजीलैंड दौरे की वनडे सीरीज के लिए आराम दिए जाने की संभावना है।


