मेडागास्कर में तख्तापलट के बाद सेना के कर्नल ने संभाला राष्ट्रपति पद, संयुक्त राष्ट्र ने की निंदा

एंटानानारिवो । अफ्रीका के पूर्वी तट के पास बसे द्वीपीय देश मेडागास्कर में सैन्य तख्तापलट के बाद सेना के एक कर्नल ने सत्ता संभाल ली है। कर्नल माइकल रैंड्रियनिरीना ने शुक्रवार को राष्ट्रपति पद की शपथ ली। संयुक्त राष्ट्र ने इस सैन्य कब्जे की कड़ी निंदा की है। कर्नल रैंड्रियनिरीना ने सिर्फ तीन दिन पहले घोषणा की थी कि सेना देश की बागडोर संभालेगी। गुरुवार को उन्हें औपचारिक रूप से संवैधानिक न्यायालय में राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर सैन्य अधिकारियों, सरकारी प्रतिनिधियों और विदेशी राजनयिकों ने भाग लिया।
पिछले तीन हफ्तों से युवाओं के नेतृत्व में सरकार के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन चल रहे थे। प्रदर्शनकारियों की मुख्य शिकायतें थीं, पानी और बिजली की कमी, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार। इसी माहौल में कर्नल रैंड्रियनिरीना ने राष्ट्रपति एंड्री राजोएलीना के खिलाफ बगावत कर दी और उनके समर्थक सैनिकों को पीछे धकेलते हुए सत्ता पर कब्जा कर लिया।
इस दौरान राष्ट्रपति राजोएलीना देश छोड़कर भाग गए। रिपोर्टों के अनुसार, वे एक फ्रांसीसी सैन्य विमान से निकले। संसद ने उनके खिलाफ महाभियोग चलाकर पद से हटा दिया। इसके बाद संवैधानिक न्यायालय ने सेना के कर्नल को राष्ट्रपति बनने का न्योता दिया।
कर्नल रैंड्रियनिरीना ने कहा है कि देश को अब एक सैन्य परिषद चलाएगी और 18 महीने से दो साल बाद चुनाव कराए जाएंगे। उन्होंने दावा किया, ‘अब हम देश को फिर से गौरव दिलाएंगे, असुरक्षा से लड़ेंगे और जनता की समस्याएं हल करेंगे।’
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि यह सत्ता परिवर्तन असंवैधानिक है और ‘संवैधानिक व्यवस्था बहाल की जानी चाहिए।’ अफ्रीकी संघ ने भी इस कदम को पूरी तरह खारिज कर दिया है और मेडागास्कर की सदस्यता निलंबित कर दी है।