मनपसंद सब्जी नहीं बनाने पर पत्नी का गला काटा:लाश के पास हसिया लेकर बैठा रहा

आगरा । आगरा में एक पति ने हसिया से गला काटकर पत्नी की हत्या कर दी। उसकी लाश के पास आधे घंटे तक बैठा रहा। पत्नी का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने पति की मनपसंद सब्जी नहीं बनाई थी। बच्चों ने जैसे ही मां की खून से सनी लाश देखी। इसके बाद खेत पर काम कर रहे परिवार वालों को बताया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पत्नी उसकी कोई बात नहीं मानती थी। इसे लेकर आए दिन दोनों की लड़ाई होती थी। घटना बुधवार दोपहर की थाना पिनाहट क्षेत्र के गांव झोरियां की है।
झोरियां में कलूटा अपनी पत्नी उर्मिला के साथ रहता है। दोनों की शादी 18 साल पहले हुई थी। इन दोनों के 6 बच्चे हैं, जिनमें 3 लड़कियां, 3 लड़के हैं। सभी की उम्र 15 साल से कम है। आज पति कलूटा अपनी पत्नी उर्मिला के साथ खेत से बाजरा काटने के बाद घर पहुंचा था। इसके बाद उसने पत्नी से अपने पसंद की सब्जी बनाने के लिए कहा।
पत्नी ने जैसे ही मना किया तो दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। इसी दौरान कलूटा ने कमरे के कोने में रखा हंसिए उठाया। उसने गुस्से में हसिए से उर्मिला के गले पर वार किया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी की हत्या करने के बाद कलूटा आधे घंटे तक उसकी लाश के पास बैठा रहा। इसके बाद घर से निकल गया।
माता-पिता के बीच हुए झगड़े के बाद बच्चे जैसे ही कमरे में पहुंचे तो वहां खून से सनी लाश देखी। इसके बाद दौड़ते हुए खेत में पहुंचे। वहां काम कर रहे बाकी परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। परिवार वाले तुरंत घर की ओर भागे। वहां उर्मिला की लाश देख उनके होश उड़ गए। परिजनों ने हत्या की सूचना पुलिस को दी।
पिनाहट पुलिस जैसे ही गांव में पहुंची, कलूटा को वहां बैठा देखा तो उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पत्नी उसकी बात नहीं मानती थी। वह कहता था पानी लाओ तो पानी नहीं लाती, सब्जी बनाओ तो दूसरी बना देती, और जिन लोगों से बात करने से मना करता था, उनसे बात करती थी।
मृतका के देवर पंजाबी ने बताया- पूरा परिवार खेत में बाजरे की फसल काटने गया था। इतने में घर से एक बच्चा गणेश खेत पर भागते हुए आया। उसने बताया कि घर में हत्या हुई है। हम लोग भागते हुए घर पहुंचे तो देखा कि कमरे में भाभी का शव पड़ा हुआ था। वहीं, पास में वो हसिया भी दिखी, जिससे हत्या की गई थी।
एसीपी पिनाहट गिरीश कुमार सिंह ने बताया- थाना पिनाहट क्षेत्र में पति ने पत्नी की हत्या की है। सूचना पर पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची। आरोपी को गिरफ्तार कर महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है। सबूत जुटाकर उचित कार्रवाई की जाएगी।