पार्षद के चाचा को लाठी-डंडों से पीटा:एत्माउद्दौला के पीलाखार पुलिया पर बाइक हटाने को लेकर विवाद

आगरा। आगरा के थाना एत्माउद्दौला के पीलाखार में बाइक हटाने को लेकर विवाद हो गया। जिम ट्रेनर और उसके साथियों ने भाजपा पार्षद के चाचा पर हमला बोल दिया। उन्हें लाठी-डंडों से जमकर पीटा। घटना का वीडियो सामने आया है। इसमें दबंग हाथों में लाठी-डंडे लिए नजर आ रहे हैं।
भाजपा पार्षद के चाचा के कपड़े भी फाड़ दिए। उनके 9 साल के नाती को भी जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
नगला बिहारी, थाना एत्माउद्दौला निवासी खुशीराम ने केस दर्ज कराया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह भाजपा पार्षद विजय वर्मा के चाचा हैं। दोपहर 12.35 बजे नाती वरदान को स्कूल से लेकर घर लौट रहे थे। इसी बीच पीलाखार पुलिया के पास एक बाइक रास्ते में खड़ी कर युवक बैठा था। निकलने में दिक्कत होने पर उन्होंने बाइक रास्ते से हटाने के लिए बोल दिया।
इसी पर बाइक पर बैठा युवक भड़क गया। विरोध करने पर साथियों को सरिया, लाठी-डंडों लेकर बुला लिया। आरोपियों ने पीटा और उनके कपड़े फाड़ दिए। नाती को भी धमकाया। लोगों के जुटने पर आरोपी भाग निकले। सीसीटीवी वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी लाठी-डंडे लिए नजर आ रहे हैं।