आगरा

आगरा में 3 दरोगा सस्पेंड:जाम की समस्या देखने निकले डीसीपी सिटी को ट्रैफिक ड्यूटी पर नहीं मिले

आगरा। आगरा में डीसीपी सिटी ने तीन दरोगाओं को सस्पेंड कर दिया है। जाम की समस्या का कारण जानने के लिए निरीक्षण को निकले डीसीपी सिटी को तीन दारोगा ड्यूटी पर नहीं मिले। जबकि एक दिन पहले ही पुलिस कमिश्नर ने चौराहों पर एसओ और एसएचओ की ड्यूटी के आदेश दिए थे।
शनिवार, रविवार और सोमवार को तीन दिन पूरे शहर में जाम लगा रहा। यमुना किनारा मार्ग पर यमुना नदी का पानी आ गया है। इस वजह से वाहनों को आने जाने में परेशानी हो रही है। एमजी रोड को मेट्रो ने खोद डाला है। हाईवे पर ट्रोला की टक्कर हुई तो उसे हटवाने में 24 घंटे का समय लग गया।
जिस वजह से हर सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। जाम की समस्या को खत्म करने के लिए पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने निर्देश दिए थे कि अब हर चौराहे पर जाम की समस्या को खत्म करने के लिए एसओ और एसएचओ भी ड्यूटी देंगे।
उसकी हकीकत देखने डीसीपी सिटी सोनम कुमार मंगलवार को निरीक्षण के लिए निकले। भगवान टॉकीज चौराहे पर बुरे हालात थे। चौराहे पर न्यू आगरा थाने से दरोगा विवेक यादव, धर्मेंद्र वर्मा और गौरव तेवतिया की ड्यूटी थी। तीनों के बारे में पूछा गया। तीनों गायब थे। कहां गए किसी को नहीं पता था। तीनों को डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने उसी समय सस्पेंड कर दिया।

Related Articles

Back to top button