झोलाछाप डॉक्टर पर रेप का आरोप:पीड़िता बोली- नींद की गोली खिलाकर किया दुराचार

मथुरा । मथुरा के फरह थाना क्षेत्र में एक डॉक्टर पर महिला मरीज के साथ रेप का आरोप लगा है। पीड़िता के अनुसार डॉक्टर ने उसको नींद की गोलियां दी जिसके बाद उसके साथ दुराचार किया गया।
महिला मरीज की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग और पुलिस हरकत में आई और आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। जांच करने पहुंची स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी डॉक्टर फरार हो गया।
शनिवार की सुबह जब एक 50 वर्षीय विधवा महिला थाना पहुंची और कस्बा के ही एक झोलाछाप डॉक्टर पर दुराचार का आरोप लगाया। महिला की शिकायत मिलते ही पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग को जानकारी दी और डॉक्टर के क्लिनिक पर पहुंच गई।
कस्बा फरह में स्थित एस आर डी पॉली क्लिनिक पर पहुंची फरह पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम को वहां कोई नहीं मिला। टीम के पहुंचने से पहले ही डॉक्टर अनिल मौके से भाग खड़ा हुआ।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच के बाद क्लिनिक को सील कर दिया। वहीं पुलिस पीड़िता को लेकर थाना आ गई।
पीड़िता के अनुसार वह कस्बा के झोलाछाप डॉक्टर से दवाई लेने गई थी। जहां डॉक्टर ने विधवा महिला को इलाज के दौरान नींद की गोली दे दी।
जिसके बाद महिला बेसुध हो गई। महिला के बेहोश होने के बाद डॉक्टर ने उससे दुराचार किया। महिला के अनुसार जब उस पर नींद की गोली का असर खत्म हुआ तब उसे अपने साथ हुए दुराचार की जानकारी मिली।
महिला के साथ हुई दुराचार की वारदात के बाद पीड़िता परिजनों के साथ थाना फरह पहुंची। जहां उसने पुलिस से शिकायत की।
थाना प्रभारी त्रिलोक सिंह ने बताया कि मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है मामले में जो विधिक कार्यवाही होगी वह की जायेगी।