बिहार: एयरपोर्ट में घुसाई स्कॉर्पियो और रनवे पर लगे भगाने, तभी तीन बार पलटी कार तो गाड़ी छोड़ भागे युवक!

सहरसा। बिहार के सहरसा एयरपोर्ट पर एक हैरान करने वाली घटना हुई। कुछ लड़के रील बनाने के लिए कार से स्टंट कर रहे थे। इस दौरान उनकी स्कॉर्पियो कार पलट गई। हालांकि, कार में सवार चारों लड़के घायल हो गए और मौके से भाग निकले। यह घटना एयरपोर्ट के रनवे पर हुई। घटना के बाद एयरपोर्ट पर लोगों की भीड़ लग गई। घटना की जानकारी पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। फिलहाल पुलिस गाड़ी के नंबर प्लेट के आधार पर मालिक की पहचान करने में लगी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की सुबह भी सहरसा एयरपोर्ट पर लोगों की भीड़ थी। प्रत्यक्षदर्शी बाबू झा ने बताया कि महिलाएं और पुरुष टहल रहे थे। युवक और युवतियां व्यायाम कर रहे थे। तभी एक काले रंग की स्कॉर्पियो एयरपोर्ट में घुसी। वह रनवे पर स्टंट करने लगी। लोग डर गए और रनवे से दूर हट गए। देखते ही देखते स्कॉर्पियो तीन-चार बार पलटी। फिर वह रनवे पर सीधी खड़ी हो गई। गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। कार के अंदर भी काफी नुकसान हुआ था। कार में सवार चारों लड़के गाड़ी छोड़कर भाग गए।
दरअसल सहरसा एयरपोर्ट पर अक्सर श्श्कढ लोगों के आने पर ही हवाई जहाज या हेलिकॉप्टर उतरते हैं। लेकिन, एयरपोर्ट हमेशा व्यस्त रहता है। स्थानीय लोग बताते हैं कि सुबह और शाम यहां लोग टहलने आते हैं। सिपाही भर्ती की तैयारी करने वाले युवा दौड़ और व्यायाम करते हैं। कुछ लोग बाइक या कार चलाना सीखने के लिए भी वहां आते हैं। पिछले कुछ महीनों से यह जगह रील बनाने के लिए भी लोकप्रिय हो गई है। रील बनाने के चक्कर में अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई और अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने माना कि रील बनाने के दौरान यह हादसा हुआ। पुलिस का कहना है कि युवक प्राथमिक उपचार लेकर फरार हो चुके हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आम जनता एयरपोर्ट में कैसे प्रवेश कर रही है? मुख्य गेट पर तैनात होमगार्ड की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन से उम्मीद की जा रही है कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जल्द ठोस कदम उठाए जाएंगे।