लिवरपूल-पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर डिओगो जोटा की कार दुर्घटना में मौत, 10 दिन पहले हुई थी शादी
नई दिल्ली । लिवरपूल से खेलने वाले पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर डिओगो जोटा की कार दुर्घटना में मौत हो गई। वह महज 28 वर्ष के थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्पेन में उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हुई। हादसे के वक्त उनके साथ कार में उनके भाई आंद्रे भी मौजूद थे। आंद्र भी 26 वर्षीय फुटबॉलर हैं। यह दुखद घटना जोटा की शादी के 10 दिन बाद हुई है। उन्होंने 10 दिन पहले लंबे समय से गर्लफ्रेंड रहीं रुटे काडोर्सो के साथ पोर्टो में शादी की थी।
पुर्तगाली फुटबॉल महासंघ ने जोटा और उनके भाई आंद्रे की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए एक बयान जारी किया। बयान में कहा गया, ‘पुर्तगाली फुटबॉल महासंघ और पूरा पुर्तगाली फुटबॉल डिओगो जोटा और उनके भाई आंद्रे सिल्वा की मृत्यु से पूरी तरह स्तब्ध है। पुर्तगाली फुटबॉल महासंघ डिओगो और आंद्रे सिल्वा के परिवार और दोस्तों के साथ-साथ लिवरपूल एफसी और एफसी पेनाफिल के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है, जिन क्लबों में ये खिलाड़ी क्रमश: खेलते थे। हमने दो चैंपियन खो दिए हैं। डिओगो और आंद्रे सिल्वा का निधन पुर्तगाली फुटबॉल के लिए अपूरणीय क्षति है और हम उनकी विरासत का सम्मान करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।’
जोटा हाल ही में नेशंस लीग कप जीतने वाली पुर्तगाली टीम का हिस्सा रहे थे। पुर्तगाल की टीम ने फाइनल में स्पेन को हराकर खिताब जीता था। वह लिवरपूल फुटबॉल क्लब के साथ भी कई खिताब जीत चुके हैं। जोटा फुटबॉल के मैदान पर अपनी ड्रिब्लिंग स्किल्स, शानदार फिनिशिंग, तेज गति से डिफेंडर्स को छकाने के लिए जाने जाते थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्पेन के जमोरा में उनकी कार हादसे का शिकार हो गई, जिसमें उनकी मौत हो गई। इस हादसे में उनके भाई की भी जान चली गई।
वह क्लब करियर में कई अलग-अलग टीमों का हिस्सा रहे, लेकिन उन्हें असली पहचान लिवरपूल में ही मिली। जोटा पकोस डी फरेरा, अटलेटिको मैड्रिड, पोर्टो, वुल्वरहैम्पटन वांडरर्स और लिवरपूल का हिस्सा रहे। लिवरपूल के लिए 123 मैचों में उन्होंने 47 गोल दागे। उन्होंने लिवरपूल के साथ चार खिताब जीते थे। वह 2020 से इस टीम का हिस्सा थे। इसके अलावा वह पुर्तगाल के लिए 49 मैचों में 14 गोल दाग चुके। पुर्तगाल की सीनियर टीम के लिए उन्होंने साल 2019 में डेब्यू किया था। वह 2022 फीफा विश्व कप, 2020 और 2024 यूरो कप में टीम का हिस्सा रहे थे। साथ ही 2025 से पहले वह पुर्तगाल के साथ 2019 में नेशंस लीग का खिताब भी जीत चुके हैं।
अपने आखिरी पोस्ट में शादी की तस्वीरें डाली थीं
जोटा ने अपने आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट में शादी की तस्वीरें डाली थीं। उन्होंने रुटे काडोर्सो के साथ तस्वीरें डालीं थीं और कैप्शन में लिखा था- 22 जून 2025, हमेशा के लिए हां।’ उन्होंने शादी का वीडियो भी डाला और लिखा- मैं इस दिन को कभी नहीं भूल सकता। जोटा की अचानक मौत से दुनिया भर के फैंस स्तब्ध और परेशान हैं। फैंस शोक जता रहे हैं।