आपसी विवाद में पति-पत्नी ने किया सुसाइड का प्रयास:हाथ की नस काटी, पीआरवी ने दरवाजा तोड़ दोनों को निकाला
आगरा । आगरा में मंगलवार रात को पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि पति ने खुद को बाथरूम में बंद कर लिया। गुस्से में अपने हाथ की नस काट ली। पत्नी ने भी सुसाइड का प्रयास किया।
बच्चों ने पुलिस को सूचना दी। पीआरवी मौके पर पहुंची। गेट तोड़कर लहूलुहान पति-पत्नी को बाहर निकाला। दोनों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया। समय पर उपचार मिलने पर दोनों की जान बच गई। मामला थाना न्यू आगरा क्षेत्र के सूर्य नगर का है।
यहां के एक अपार्टमेंट में दंपती अपने दो बच्चों के साथ रहते हैं। बताया गया है कि मंगलवार रात को पति-पत्नी के बीच में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि पहले पत्नी ने अपने को कमरे में बंद कर लिया। उसने सुसाइड का प्रयास किया। इसके बाद पति ने भी खुद को बाथरूम में बंद कर अपने हाथ की नस काट ली।
बच्चों ने दरवाजा खुलवाने का काफी प्रयास किया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद उन्होंने डायल 112 पर फोन किया। सूचना पर तत्काल पीआरवी 6511 पहुंची। प्रभारी नरेश कुमार और चालक बेताल ने बिना देरी किए हुए बाथरूम का दरवाजा तोड़ा। अंदर युवक लहूलुहान पड़ा था।
इसके बाद उन्होंने कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर महिला भी बेड़ पर बेहोश मिली। पड़ोसियों की मदद से दोनों को तत्काल एंबुलेंस बुलाकर अस्पताल भेजा गया। समय पर दोनों को इलाज मिला। अभी दोनों का उपचार चल रहा है। पुलिस कर्मियों की गंभीरता और तत्परता से दोनों की जान बच गई।