आकाशीय बिजली से युवती की मौत:खेत पर काम करने जा रही थी युवती

आगरा । आगरा के थाना डौकी के गांव मढ़ी में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवती की मौत हो गई है। गांव वालों ने बताया कि युवती खेत पर काम करने जा रही थी। साथ की महिलाओं को भी बिजली से चक्कर आए। सूचना पर पुलिस और अधिकारी पहुंच गए थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव मढ़ी में रहने वाली मनीषा गांव की 45-50 महिलाओं के साथ खेतों पर मजदूरी करने जा रही थी। गांव की ही रहने वाली महिला ने बताया कि वो भी मनीषा के साथ ही थी। अचानक बिजली गिरी, जो सीधा मनीषा पर आई। बाकी की महिलाएं झटके से गिर गईं। मनीषा की मौके पर ही मौत हो गई।
गांव वालों ने बताया कि हर रोज महिलाएं खेतों में काम करने जाती थीं। शुक्रवार को भी महिलाएं जा रही थीं। खेत से लगभग 100 मीटर दूर बिजली गिरी। बाकी की महिलाओं को भी चक्कर आए, लेकिन सभी सुरक्षित हैं। मनीषा की मौत से घर में कोहराम मच गया। सूचना पर थाना डौकी पुलिस के साथ ही उपजिलाधिकारी फतेहाबाद मौके पर पहुंच गए। शव को एंबुलेंस से पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घरवाले सदमे में हैं, उन्हें समझ नहीं आ रहा कि अचानक क्या हुआ।