महेंद्र सिंह धोनी को मिला बड़ा सम्मान, आईसीसी हॉल आॅफ फेम में हुए शामिल

दुबई । भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को आईसीसी हॉल आॅफ फेम में शामिल किया गया है। धोनी भारत के 11वें खिलाड़ी हैं जिन्हें इस सूची में शामिल किया गया है। आईसीसी ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। धोनी के अलावा दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज हाशिम अमला, आॅस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज मैथ्यू हेडन, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ, न्यूजीलैंड के पूर्व स्पिनर डेनियल विटोरी, पाकिस्तान महिला टीम की खिलाड़ी सना मीर और इंग्लैंड महिला टीम की खिलाड़ी सारा टेलर को भी इस सूची में शामिल किया गया है।
धोनी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिए हुए करीब पांच साल हो गए हैं। धोनी ने भारत के लिए आखिरी मैच 2019 वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में खेला था। भारत वो मुकाबला हार गया था और टूनार्मेंट से बाहर हो गया था। इसके बाद धोनी ने भारत के लिए कोई मुकाबला नहीं खेला और फिर 15 अगस्त 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया।
कैप्टन कूल के नाम से प्रसिद्ध रहे धोनी भारत के सबसे सफल कप्तान में से एक हैं। रांची से आने वाले धोनी ने भारत को अपनी कप्तानी में 2007 टी20 विश्व कप, 2011 वनडे विश्व कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब दिलाया था। धोनी भारत के एकमात्र कप्तान हैं जिनकी कप्तानी में टीम ने तीन आईसीसी खिताब जीते हैं। इसके अलावा उनके नेतृत्व में भारत ने 2010, 2016 में एशिया कप का खिताब भी जीता था। धोनी ने 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ भारत के लिए डेब्यू किया था।
धोनी भारत के 11वें खिलाड़ी हैं जिन्हें आईसीसी हॉल आॅफ फेम में शामिल किया गया है। उनसे पहले नीतू डेविड, वीरेंद्र सहवाग, डियान एडुल्जी, विनोद मांकड़, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले, कपिल देव, बिशन सिंह बेदी और सुनील गावस्कर को यह सम्मान मिल चुका है। गावस्कर और बिशन सिंह बेदी भारत से आईसीसी हॉल आॅफ फेम में शामिल होने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। उन्हें यह सम्मान 2009 में मिला था।