गंगा दशहरा पर यमुना में स्नान को लगी भीड़:स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने शिव मंदिरों में किए दर्शन
आगरा। गंगा दशहरा पर सुबह से ही स्नान के लिए यमुना पर श्रद्धालु पहुंचने लगे। हाथी घाट पर श्रद्धालु सुबह 5 बजे से ही स्नान कर रहे हैं। भगवान शिव के दर्शन के लिए मंदिरों पर सुबह से लाइन लगी हुई है। घाटों पर नगर निगम की ओर से यमुना में बैरिकेडिंग कराई गई है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं।
गुरुवार को आगरा में गंगा दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। श्रद्धालुओं ने यमुना में स्नान किया। ऐसे में हाथी घाट, दशहरा घाट, पार्वती घाट, बल्केश्वर घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
हालांकि यमुना में पानी कम और दूषित होने के कारण कुछ श्रद्धालुओं ने आचमन ही किया। पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने यमुना के पानी के छिंटे अपने ऊपर डाले और यमुना नदी को प्रणाम किया। वहीं, बहुत से लोगों ने यमुना में डूबकी लगाई।
गंगा दशहरा को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से यमुना नदी के घाटों पर बेरीकेडिंग कराई गई है। विशेष सफाई अभियान क्षेत्रीय एसएफआई और सीएसएफआई की देखरेख में किया गया। जिसमें घाटों की व्यापक स्तर पर सफाई कराई गई।
इसके साथ ही मंदिरों पर भी पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। जगह-जगह भंडारे भी हुए। दान-पुण्य किया गया। इस मौके पर तरबूज और खरबूज की काफी बिक्री हुई।
जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने बताया कि आगामी गंगा दशहरा पर्व पर कैलाश मंदिर घाट पर स्नान की अनुमति नहीं दी गई है। पर्यटन विभाग द्वारा जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्य चल रहा है, जिससे स्नान के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। इसी के चलते यह निर्णय लिया गया है कि श्रद्धालु इस घाट पर स्नान न करें।