अजेय भारत के सामने कीवियों की चुनौती ध्वस्त करने का लक्ष्य
नॉकआउट में अच्छा नहीं है रिकॉर्ड
दुबई। चैंपियंस ट्रॉफी के रविवार को होने वाले फाइनल में भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ मनोवैज्ञानिक लाभ के साथ उतरेगी। इसका कारण आईसीसी वनडे टूर्नामेंट के पिछले तीन मुकाबलों में भारत की न्यूजीलैंड पर जीत है। वनडे विश्वकप हो या चैंपियंस ट्रॉफी रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत अब तक न्यूजीलैंड से नहीं हारा है।
2023 के विश्व कप में भारत ने न्यूजीलैंड को सुपर-10 और सेमीफाइनल में पटखनी दी और इस चैंपियंस ट्रॉफी के ग्रुप मैच में भी रोहित की टीम ने न्यूजीलैंड पर श्रेष्ठता दर्ज की है। चैंपियंस ट्रॉफी में अजेय रहकर फाइनल में जगह बनाने से भी भारतीय टीम का मनोबल ऊंचा होगा। हालांकि आईसीसी टूर्नामेंट के इतिहास में यह तीसरा मौका होगा, जब भारत और न्यूजीलैंड खिताबी मुकाबले में आमने-सामने होंगे। तथ्य यह भी है कि भारत अब तक न्यूजीलैंड को पिछली दोनों खिताबी भिड़ंत में परास्त नहीं कर पाया है। रविवार को दुबई में उसके पास 2000 की चैंपियंस ट्रॉफी और 2021 की विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में मिली हार का बदला लेने का मौका होगा।
2023 विश्व कप के सेमीफाइनल में हराया
आईसीसी टूर्नामेंट के नॉकआउट में भारत और न्यूजीलैंड चार बार आपस में भिड़े हैं, जिसमें तीन बार न्यूजीलैंड जीता है, जबकि एक जीत भारत को मिली है, लेकिन अंतिम जीत भारत को ही मिली है, जब उसने 2023 के विश्वकप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को पटखनी दी। भारत के पास दुबई में खेलने का भी लाभ है। दुबई और भारतीय पिचें काफी हद तक समान हैं। विराट कोहली, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल इस पिच के अनुसार अपने को अच्छी तरह ढाल चुके हैं।
विराट-शमी न्यूजीलैंड को धो चुके हैं
फाइनल में भारतीय स्पिनरों पर तो निगाहें होंगी ही, लेकिन दो खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्होंने 2023 विश्वकप में अपने दम पर न्यूजीलैंड को बिखेरा था। ये दोनों खिलाड़ी इस समय भी जबरदस्त फॉर्म हैं। ये विराट कोहली और मोहम्मद शमी हैं। शमी ने 2023 में ग्रुप मैच में 54 रन देकर पांच विकेट लिए थे और विराट ने इस मैच में 104 गेंद में 95 रन की पारी खेलकर भारत को जीत दिलाई थी। सेमीफाइनल में भी यही दोनों खिलाड़ी चले। शमी ने 57 रन पर सात विकेट लेकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया तो विराट ने 113 गेंद में 117 रन की यादगार पारी खेली। शमी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 2023 विश्व कप के दो मैच में 12 विकेट लिए थे।
पिछले मैच से सीख लेकर फाइनल में उतरेंगे : केन
भारत को फाइनल में न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज केन विलियम्सन से सतर्क रहना होगा। केन भारत के खिलाफ 81 और द. अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल में 102 रन बना चुके हैं। विलियम्सन का मानना है कि भारत के पास चैंपियंस ट्रॉफी के अपने सभी मैच दुबई में खेलने के कारण वहां की परिस्थितियों को लेकर वास्तविक स्पष्टता है। बावजूद इसके उनकी टीम रविवार को होने वाले फाइनल के लिए पूरी तरह से तैयार है।