राजस्व चालू वित्त वर्ष में 5.1% बढ़ेगा
1.26 लाख लोगों को मिलीं नौकरियां
मुंबई । सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) उद्योग का राजस्व चालू वित्त वर्ष यानी 2024-25 में 5.1 फीसदी बढ़कर 282.6 अरब डॉलर पहुंच सकता है। 2025-26 में उद्योग का राजस्व 300 अरब डॉलर के पार पहुंचने की उम्मीद है, जो 2024-25 की तुलना में करीब छह फीसदी अधिक है।
नैसकॉम के अध्यक्ष राजेश नांबियार ने सोमवार को ‘टेक्नोलॉजी लीडरशिप फोरम’ में कहा, हमारे आसपास जो कुछ भी हो रहा है, उसे देखते हुए यह आईटी क्षेत्र के लिए एक अच्छा परिणाम है। रोजगार के मोर्चे पर कहा, इस साल प्रौद्योगिकी क्षेत्र में 1.26 लाख लोगों को नौकरियां मिलीं। इससे कार्यरत लोगों की संख्या बढ़कर 58 लाख पहुंच गई। वहीं, कंपनियों का घरेलू राजस्व सात फीसदी बढ़कर 58.2 अरब डॉलर पहुंच जाएगा। यह निर्यात राजस्व में 4.6 फीसदी वृद्धि से अधिक है।
इंजीनियरिंग रिसर्च में सर्वाधिक वृद्धि संभव
पारंपरिक आईटी सेवा कंपनियों का राजस्व 2024-25 4.3 फीसदी बढ़कर 137.1 अरब डॉलर पहुंच जाएगा। बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग का राजस्व 4.7 फीसदी बढ़कर 54.6 अरब डॉलर हो जाएगा। इंजीनियरिंग अनुसंधान एवं विकास कंपनियों की राजस्व वृद्धि सबसे अधिक सात फीसदी की दर से बढ़ने की संभावना है और यह 55.6 अरब डॉलर पहुंच जाएगा।