आगरा में अपहरण कर 5 साल के बच्चे की हत्या:कान काटे, आंख-चेहरे पर चोट के निशान, पुलिस ने पड़ोसी के घर लगाया ताला
आगरा में 5 साल के बच्चे की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। शव गांव के बाहर बंबा (रजवाहा) में मिला। मासूम बच्चा दो दिन से लापता था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। सोमवार दोपहर 12 बजे के बाद गांव से थोड़ी दूर पर बंबा में मासूम की लाश मिली। हत्या की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बच्चे का एक कान कटा हुआ था। आंख और चेहरे पर चोट के कई निशान मिले। पिता ने पड़ोसी पर हत्या का आरोप लगाया है। पड़ोसी वारदात के बाद से फरार हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी पड़ोसी की तलाश की जा रही है। उनके घर पर पुलिस ने ताला लगा दिया है।